- 13 दिन की बेचैनी के बाद मिली राहत की खबर
- अंश-अंशिका का अपहरण किसने किया था? रांची में आंदोलन के बाद बरामद बच्चों के साथ दो गिरफ्तार
Good News : राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में मौसीबाड़ी खटाल से 2 जनवरी को लापता हुए दो बच्चे अंश और अंशिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है। रांची के पुलिस कप्तान राकेश रंजन के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को यह सफलता मिली। रांची पुलिस की स्पेशल टीम ने रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से दोनों बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के पास भेजने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
गुलगुलिया परिवार के पास थे बच्चे
बच्चों को चितरपुर के पहाड़ी मंदिर क्षेत्र से बरामद किया गया है। बच्चों की बरामदगी में भूमिका निभाने वाले डब्ल्यू साव और सचिन ने बताया कि उन्हें बच्चों के गुलगुलिया (बंजारा) परिवार के पास होने की जानकारी मिली। इसके बाद बच्चों की तस्वीर उनके माता-पिता को दी गई।
इसके बाद दोनों ने इसकी सूचना रजरप्पा पुलिस को दी। आज रजरप्पा पुलिस मौके पर पहुंच बच्चों को बरामद की। इसके बाद मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
2 जनवरी को लापता हो गए थे बच्चे
2 जनवरी को 7 साल का अंश कुमार अपनी 6 साल की बहन अंशिका कुमारी के साथ घर से दुकान जाने के दौरान लापता हो गया था। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं पुलिस के लिए भी यह मामला चुनौती बन गया था।
बच्चों की तलाश में रांची पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पहले जानकारी देने वाले के लिए 51 हजार रुपए इनाम की घोषणा की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 2 लाख रुपए कर दिया गया। पुलिस ने बच्चों की तस्वीर के साथ पोस्टर जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील भी की थी।
एसएसपी के नेतृत्व में टीम को मिली बड़ी सफलता
एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम को आखिरकार बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने दोनों लापता बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय इनपुट और लगातार की जा रही निगरानी के आधार पर बच्चों के ठिकाने का सुराग मिला। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चितरपुर में छापेमारी कर दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
