INDvsPAK : पाकिस्तान की नई चाल! भारत-पाक मैच से पहले शर्तों का ‘सिक्सर’

Bindash Bol
  • ICC मीटिंग में पाकिस्तान की ‘तीन शर्तें’! भारत-पाक मैच पर नया विवाद

INDvsPAK : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर चल रहा विवाद अब सुलझने की दिशा में बढ़ता दिख रहा है। रविवार को लाहौर में आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। इस मीटिंग में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हो गया है, लेकिन उन्होंने तीन बड़ी शर्तें रखी हैं।

पाकिस्तान लेगा यू-टर्न?

पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा के बाद, आईसीसी ने मामले को सुलझाने के लिए अपने शीर्ष अधिकारियों को लाहौर भेजा। गद्दाफी स्टेडियम में हुई इस बैठक में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के साथ आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा ने हिस्सा लिया। सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी ने पाकिस्तान को स्पष्ट कर दिया है कि वर्ल्ड कप जैसे वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा भागीदारी स्वीकार्य नहीं है और ऐसा करने पर पीसीबी को गंभीर वित्तीय और प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।

श्रीलंका की भावुक अपील का दिखा असर

इस पूरे विवाद में सह-मेजबान श्रीलंका की भूमिका अहम रही है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पीसीबी को एक लेटर लिखकर याद दिलाया कि जब पाकिस्तान क्रिकेट अंतरराष्ट्रीय बहिष्कार झेल रहा था, तब श्रीलंका ने ही वहां का दौरा कर क्रिकेट की बहाली में मदद की थी। श्रीलंका ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए बताया कि भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से उनके पर्यटन और होटल उद्योग को भारी नुकसान होगा। इस इमोशनल कार्ड और आईसीसी के कड़े रुख के बाद पाकिस्तान अब अपने फैसले पर पुनर्विचार करता दिख रहा है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से तीन शर्तें रखी गईं हैं। ऐसे में आइए उन शर्तों के बारे में आपको बताते हैं।

पाकिस्तान की तीन शर्तें

  1. आईसीसी के रेवेन्यू शेयर में पाकिस्तान की हिस्सेदारी बढ़ाई जाए, पाकिस्तान चाहता है कि आईसीसी सभी क्रिकेट बोर्ड को हर साल जो पैसे देती है। उसमें पाकिस्तान के हिस्से को बढ़ाया जाए।
  2. भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज बहाल करने के लिए आईसीसी बीसीसीआई पर दबाव बनाए। दरअसल भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2013 के बाद से कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। ऐसे में सीरीज को फिर से शुरु करवाई जाए।
  3. मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को अनिवार्य किया जाए, हालांकि आईसीसी ने इसे व्यक्तिगत टीमों का फैसला बताया है। इससे पहले पाकिस्तान ने सरकार के निर्देश का हवाला देते हुए Force Majeure क्लॉज लागू करने की कोशिश की थी, जिसे आईसीसी ने सिरे से खारिज करते हुए इसे केवल राजनीतिक प्राथमिकता बताया।

बांग्लादेश का एंगल

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार किया और उन्हें स्कॉटलैंड से रिप्लेस कर दिया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए भारत के खिलाफ मैच छोड़ने की धमकी दी थी। अब अमीनुल इस्लाम की लाहौर में मौजूदगी इस बात का संकेत है कि बांग्लादेश भी अपनी वापसी या मुआवजे के लिए बातचीत कर रहा है। पाकिस्तान के अंतिम फैसले का ऐलान सोमवार, 10 फरवरी तक होने की उम्मीद है, क्योंकि टीम को अपने अगले मैच के लिए रणनीति तैयार करनी है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment