T20 World Cup : भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया है। रविवार को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार वर्ल्ड कप अपने नाम किया। रविवार 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। टीम इंडिया ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए कीवीज को 256 रन का टारगेट दिया। भारत की ओर से तीन बल्लेबाजों ने शानदार फिफ्टी लगाई। ओपनर संजू सैमसन ने 89, अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन की धांसू पारी खेली। वहीं, आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने ताबड़तोड 8 गेंद में 26 रन ठोक टीम इंडिया को 255 के स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह टीम इंडिया ने कीवीज को हराते हुए वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 32 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड ने अपने दो विकेट गंवा दिए। कीवी टीम की ओर से ओपनर टिम साइफर्ट ने 52, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन की पारी खेली। इनके अलावा डेरेल मिचेल ने 17 रन बनाए। इन तीन बल्लेबाजों को छोड़ बाकी पूरी टीम सस्ते में पैवेलियन लौट गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 3, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने 1-1 विकेट लिए।
टीम इंडिया ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर
टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग के लिए उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 255 रन का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया। ये किसी भी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर था। एक बार फिर इस स्कोर तक पहुंचाने में संजू सैमसन की सबसे बड़ी भूमिका रही, जिन्होंने लगातार तीसरा अर्धशतक जमाया और 89 रन बनाए। वहीं ईशान किशन ने भी वर्ल्ड कप में अपना तीसरी फिफ्टी जड़ी, जबकि टूर्नामेंट में खास योगदान देने में नाकाम रहे अभिषेक का बल्ला पूरे रंग में नजर आया। उन्होंने भी 52 रन बनाए. अंत में शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन कूटे। न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
अक्षर-बुमराह ने किया न्यूजीलैंड को चित
ये लगभग वही स्कोर था, जो टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में बनाया था। तब इंग्लैंड ने 246 रन बनाकर टीम इंडिया को डरा दिया था। ऐसे में वही खतरा इस बार भी मंडरा रहा था लेकिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाज उसे दोहरा नहीं सके। इसकी वजह बने अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह। दोनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को झकझोर दिया। खास तौर पर अक्षर ने फिन ऐलन और ग्लेन फिलिप्स को सस्ते में निपटा दिया, जबकि बुमराह ने रचिन रवींद्र को जल्दी आउट कर दिया। सिर्फ 72 रन तक न्यूजीलैंड के 5 विकेट गिर गए और इसने न्यूजीलैंड की वहीं हार तय कर दी। न्यूजीलैंड इसके बाद वापसी की हालत में नहीं दिखी। अंत में जसप्रीत बुमराह ने जल्दी-जल्दी 3 विकेट और हासिल करते हुए न्यूजीलैंड को सिर्फ 159 रन पर ढेर करने में बड़ी भूमिका निभाई।
कैसा रहा वर्ल्ड कप में भारत का सफर?
टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट की शुरुआत ही खिताब के दावेदार के रूप में की थी। ग्रुप स्टेज के पहले ही मैच में टीम इंडिया ने USA को 29 रन से हराया था। फिर नामीबिया के खिलाफ 93 रन से बड़ी जीत हासिल कर लगभग अपनी जगह सुपर-8 में पक्की कर ली थी। सबसे खास जीत आई पाकिस्तान के खिलाफ, जो मुकाबला विवादों के बीच खेला गया था। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रन से रौंद डाला। ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में नीदरलैंड को भी 17 रन से हराकर भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में क्लीन स्वीप किया।
हालांकि सुपर-8 के पहले ही मैच में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा। मगर इसके बाद जिम्बाब्वे को 72 रन और अंत में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 253 रन का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड इसके करीब पहुंची लेकिन 246 रन ही बना सकी और टीम इंडिया ने फाइनल में एंट्री की।
