Assam Election : कांग्रेस-JMM गठबंधन पर आखिरी समय तक सस्पेंस, JMM ने उतारे उम्मीदवार

Siddarth Saurabh

बातचीत बेनतीजा, अब मैदान में सीधी टक्कर की तैयारी!

Assam Election : रांची/नई दिल्ली : असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बीच सीट शेयरिंग पर जारी बातचीत अंतिम दौर में भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। दिल्ली में देर रात तक चली बैठकों के बावजूद दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई, जिससे गठबंधन को लेकर सस्पेंस और गहरा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, JMM नेतृत्व लगातार कोशिश में जुटा रहा कि कांग्रेस के साथ समझौता हो जाए, लेकिन सीटों के बंटवारे पर मतभेद खत्म नहीं हो सके। इसी बीच JMM ने रणनीतिक कदम उठाते हुए असम की दो सीटों—मजबत (47) और सोनारी (93)—पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए।

पार्टी ने मजबत सीट से प्रीति रेखा बारला और सोनारी से बालदेव तेली को उम्मीदवार बनाया है। प्रत्याशियों को अधिकृत पत्र सौंपने की तस्वीरें भी जारी की गईं, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि 2021 के चुनाव में इन दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। मजबत में बीजेपी उम्मीदवार ने करीब 16 हजार वोटों से जीत हासिल की थी, जबकि सोनारी सीट पर भी भाजपा को 15 हजार से अधिक मतों का अंतर मिला था।
आज नामांकन का अंतिम दिन है, ऐसे में यह देखना बेहद अहम होगा कि कांग्रेस और JMM आखिरी वक्त में कोई समझौता कर पाते हैं या दोनों दल अलग-अलग चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को और दिलचस्प बना देंगे।

Share This Article
Leave a Comment