Jharkhand Bandh : हजारीबाग दरिंदगी कांड पर उबाल, 3 अप्रैल को झारखंड बंद का ऐलान

Bindash Bol

* नाबालिग की हत्या से गुस्से में लोग, मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने परिवार को न्याय का भरोसा दिया

Jharkhand Bandh : हजारीबाग के विष्णुगढ़ में हुई नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में अब सियासत गर्म हो गई है। सोमवार को हुए हजारीबाग बंद के बाद अब बीजेपी ने राज्य सरकार को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया है। झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में 3 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया है।

राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने ने बताया कि दो अप्रैल तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो तीन अप्रैल को बीजेपी की ओर से झारखंड बंद कराया जाएगा।

कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कड़े निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। पार्टी का मानना है कि, राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और मासूम बेटियों की सुरक्षा राम भरोसे है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार ने मामले में कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई है।

बच्ची के पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं

भाजपा नेताओं का कहना है कि मृत बच्ची के पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। उनके पिता के लिए बीजेपी ने ही महाराष्ट्र से रांची का टिकट कराया ताकि वह अंतिम संस्कार में शामिल हो सके। उन्होंने कहा कि अगर सरकार शीश महल से ध्यान हटाकर नागरिकों की सुरक्षा पर लगाती तो आज यह स्थिति नहीं होती।

30 मार्च को बंद रहा हजारीबाग

इस मामले को लेकर प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर भाजपा ने 30 मार्च को हजारीबाग बंद की घोषणा की थी जो पूरी तरह सफल रहा। सोमवार को हजारीबाग पूरी तरह बंद रहा. जगह-जगह ने जाम किया गया और आरोपितों की गिरफ्तारी के नारे लगाये गये। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई। सोमवार को सुबह से ही सांसद और विधायक बंद कराने के लिए सड़क पर उतरे थे।

‘हजारीबाग बंद’ का व्यापक असर देखा जा रहा है। हजारीबाग शहर, विष्णुगढ़ प्रखंड मुख्यालय सहित जिले के कई इलाकों में लोगों ने वारदात के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बरही विधायक मनोज कुमार यादव और जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित सैकड़ों लोग नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे और बाजारों को बंद कराया।

विष्णुगढ़ सहित कई इलाकों में दुकानें स्वतःस्फूर्त बंद रहीं

विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र, झुमरा बाजार, सात माइल सहित कई इलाकों में दुकानें स्वतःस्फूर्त बंद रहीं। झुमरा बाजार और अन्य उपनगरों में भी दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

निर्भया कांड’ जैसी वारदात

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दिल्ली के ‘निर्भया कांड’ जैसी इस जघन्य वारदात के छह दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होना राज्य की बदहाल कानून-व्यवस्था का प्रमाण है।

झाड़ियों से मिला था क्षत-विक्षत शव

बीते मंगलवार की शाम रामनवमी की मंगला शोभायात्रा देखने गई कुसुंभा गांव की नाबालिग लड़की जब देर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। बुधवार को गांव के पास झाड़ियों से उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसकी स्थिति देख पूरा इलाका दहल उठा।

डीजीपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन

इस मामले में राज्य के डीजीपी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई है। फिलहाल, पूरे जिले में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रख रहा है।

जल्द पकड़े जायेंगे आरोपी : वित्त मंत्री

इधर, घटना को लेकर झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने हजारीबाग का दौरा किया। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द मामले का उद्भेदन करेगी और आरोपी पकड़े जायेंगे।

Share This Article
Leave a Comment