Jharkhand Lokayukta : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की ओर से झारखण्ड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता को झारखण्ड राज्य का लोकायुक्त नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गुरुवार को लोक भवन रांची की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
इससे पहले समिति की ओर से न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता को लोकायुक्त बनाने की सिफारिश की गई थी। इस प्रस्ताव को लोक भवन भेजा गया था जिसपर राज्यपाल ने अपनी मुहर लगा दी।
कौन हैं जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता
जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश रहे हैं। सेवानिवृत्त होने से पहले उन्होंने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसले सुनाए हैं। न्यायिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और निष्पक्ष छवि को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें इस संवैधानिक पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
अमिताभ कुमार गुप्ता का जन्म 31 मई 1959 को हुआ था। उन्होंने साहेबगंज स्थित संत जेवियर स्कूल से पढ़ाई की। हिंदू काॅलेज से स्नातक की उपाधि हासिल की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से पीजी और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। एकीकृत बिहार के समय एडीजे के रूप में न्यायिक सेवा में योगदान दिया। वो धनबाद और रांची सीबीआई कोर्ट के स्पेशल जज भी रहे।
लगभग 5 साल से खाली था पद
झारखंड में लोकायुक्त का पद पिछले लगभग 5 वर्षों से रिक्त था। जस्टिस ध्रुव नारायण उपाध्याय का कार्यकाल जनवरी 2021 में समाप्त होने के बाद से यह पद खाली पड़ा हुआ था। लोकायुक्त की अनुपस्थिति के कारण राज्य में भ्रष्टाचार से जुड़ी हजारों शिकायतें धूल फांक रही थीं और आम जनता को न्याय के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। हाल ही में झारखंड हाईकोर्ट ने भी इस पद के खाली होने पर सख्त नाराजगी जताई थी और सरकार को जल्द नियुक्ति करने के निर्देश दिए थे।
अब 3,000 से अधिक मामलों का निष्पादन जल्द
नए लोकायुक्त की नियुक्ति के साथ ही विभाग में लंबित 3,000 से अधिक मामलों के निष्पादन की उम्मीद जगी है। जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन पुराने केसों को तेजी से निपटाने और राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में शुचिता बहाल करने की होगी।