PMModi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन सरकार ने अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है. स्वीडन सरकार ने पीएम मोदी को रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस से सम्मानित किया है. रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार, कमांडर ग्रैंड क्रॉस (Royal Order of Polar Star, Commander Grand Cross) स्वीडन का वह शाही सम्मान है जिसे किसी भी देश के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार के प्रमुख को दिया जाता है. इसे स्वीडन का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है.
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी को अब तक दुनिया के विभिन्न देशों और वैश्विक संस्थाओं द्वारा दिया जाने वाला यह 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है. इससे पहले अमेरिका, रूस, फ्रांस, यूएई, सऊदी अरब, मिस्र, और भूटान जैसे दर्जनों देश पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाज चुके हैं. स्वीडन ने यह सम्मान देकर न केवल पीएम मोदी का बल्कि पूरे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान किया है.
यह भारत और स्वीडन के बीच लगातार मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों, व्यापारिक साझेदारी और आपसी विश्वास की गहराई को भी दर्शाता है.
व्यापार, तकनीक, ग्रीन एनर्जी समेत कई मुद्दों पर साझेदारी
स्वीडन द्वारा दिया गया यह सम्मान इस मायने में भी खास है क्योंकि भारत और नॉर्डिक देशों के बीच व्यापार, तकनीक, ग्रीन एनर्जी और नवाचार जैसे अहम मुद्दों पर साझेदारी एक नए मुकाम पर पहुंच रही है. अपनी इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने स्वीडन के शाही परिवार और शीर्ष डच सीईओ से मुलाकात कर निवेश के नए रास्ते खोले हैं. इस दौरान स्वीडन के शाही परिवार ने पीएम मोदी से काफी देर तक बातचीत की. इसी तरह अन्य नेताओं ने पीएम मोदी से वार्ता की है.
सम्मान दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा कि स्वीडन की राजकुमारी विक्टोरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ सम्मान प्रदान किया. यह सम्मान भारत और स्वीडन के संबंधों में उनके विशेष योगदान और उनके नेतृत्व की सराहना के लिए दिया गया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत और स्वीडन के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित किया और कहा कि यह दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी प्रेम और गर्मजोशी का प्रतीक है.