IPL2026 : स्टार्क और राहुल ने फिर बढ़ाई राजस्थान की धड़कनें, दिल्ली की जीत से प्लेऑफ में रोमांच!

Bindash Bol

IPL2026 : दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 में अपनी छठी जीत दर्ज कर ली है. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया. इस सीजन के 62वें मैच में पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने जोरदार शुरुआत के बावजूद 193 रन ही बनाए. मिचेल स्टार्क समेत दिल्ली के तेज गेंदबाजों ने राजस्थान को बड़े स्कोर से रोक दिया. इसके बाद केएल राहुल और अभिषेक पोरेल के अर्धशतक के दम पर टीम ने आखिरी ओवर में जीत दर्ज की. वहीं प्लेऑफ की रेस में पंजाब किंग्स की हार से राजस्थान रॉयल्स को बढ़त लेने का एक अच्छा मौका मिला था लेकिन रियान पराग की टीम ने इसे गंवा दिया.

RR की तेज शुरुआत, फिर स्टार्क का कहर

राजस्थान रॉयल्स की इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी और ओपनर यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए. मगर वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर आते ही हमला बोल दिया. अपना खाता छक्के के साथ खोलने वाले वैभव ने ताबड़तोड़ 21 गेंदों पर 46 रन कूट दिए. वैभव ने इस दौरान ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर 70 रन जोड़े. इसके बाद कप्तान रियान पराग ने भी विस्फोटक अर्धशतक जमाया और टीम को 14 ओवर में ही 160 रन तक पहुंचा दिया.

मगर यहां से राजस्थान की पारी लड़खड़ाने लगी और दिल्ली ने दमदार वापसी करते हुए उसे 193 रन पर रोक दिया. वैभव और पराग के अलावा ध्रुव जुरेल ने भी तेज शुरुआत की लेकिन अंत में वो 40 गेंदों में 53 रन ही बना सके. दिल्ली के लिए एक बार फिर मिचेल स्टार्क ने राजस्थान के बल्लेबाजों पर कहर बरपाया और 40 रन देकर 4 विकेट लिए. वहीं माधव तिवारी और लुंगी एनगिडी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट लिए.

राहुल-पोरेल ने रखी जीत की नींव

वहीं इस सीजन में नियमित तौर पर अच्छे आगाज के लिए जूझ रही दिल्ली कैपिटल्स को इस बार केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने दमदार शुरुआत दिलाई. सिर्फ गिने-चुने मौके पाने वाले पोरेल ने निराश नहीं किया और 29 गेंदों में बेहतरीन अर्धशतक जमाया. दूसरी ओर राहुल ने भी अपनी फिफ्टी पूरी किया. दोनों ने मिलकर सिर्फ 10 ओवर में ही 105 रन की जोरदार साझेदारी करते हुए अच्छी बुनियाद तैयार की.

मगर इसके बाद दिल्ली को भी बारी-बारी से झटके लगे और रनों की रफ्तार भी कम हो गई. जोफ्रा आर्चर ने यहां पर दो विकेट झटककर राजस्थान की वापसी कराई. ऐसे वक्त में कप्तान अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला, जिनके लिए ये सीजन बल्ले से बेहद खराब रहा था. मगर पिछले मैच में विस्फोटक अर्धशतक जमाकर टीम को जिताने वाले अक्षर ने फिर वैसी ही बैटिंग की और टीम को लक्ष्य के करीब लेकर गए. आखिर में आशुतोष शर्मा ने इस पर फिनिशिंग टच लगाया और टीम को सीजन की छठी जीत दिलाई.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment