Petrol Diesel Price : महंगाई का नया वार, पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, आम आदमी परेशान

Bindash Bol

Petrol Diesel Price : देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है. दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. खास बात यह है कि मई महीने में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं. इससे पहले इसी हफ्ते 90 पैसे प्रति लीटर और कुछ दिन पहले 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

कच्चे तेल की कीमतों का असर

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में तेजी है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच अनिश्चित माहौल के कारण ग्लोबल ऑयल मार्केट में उतार-चढ़ाव बना हुआ है.

भारत अपनी जरूरत का लगभग 85 फीसदी कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होने का सीधा असर देश के ईंधन दामों पर पड़ता है. शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 104 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड भी 97 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार करता दिखा.

तेल कंपनियों पर बढ़ा दबाव

सरकारी तेल कंपनियां लंबे समय से पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर बनाए हुए थीं. केंद्र सरकार के मुताबिक, कंपनियों को हर महीने करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था. ऐसे में अब कंपनियों ने धीरे-धीरे कीमतों में बढ़ोतरी शुरू कर दी है.

पिछले दो सालों में भारत ने रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदकर राहत पाने की कोशिश की थी. लेकिन अब वैश्विक बाजार में बढ़ती कीमतों और सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के कारण वह फायदा भी कम होता नजर आ रहा है.

आम आदमी की जेब पर असर

पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता. ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों, सब्जियों और रोजमर्रा के सामान की कीमतों पर भी असर पड़ता है. ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment