PLFI : PLFI के शीर्ष कमांडर अमृत होरो गिरफ्तार, रांची पुलिस को बड़ी सफलता

Bindash Bol

PLFI : झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ जारी अभियान के बीच रांची पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के शीर्ष कमांडर अमृत होरो उर्फ ‘मेचो’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमृत पर राज्य सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
रांची एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल टीम ने लापुंग क्षेत्र से अमृत होरो को दबोचा। पुलिस को उसके मूवमेंट की लगातार निगरानी और स्थानीय स्तर पर मिले इनपुट के आधार पर यह सफलता हाथ लगी। अमृत लापुंग का ही निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अमृत होरो वर्तमान में पीएलएफआई संगठन की कमान संभाल रहा था। एनआईए द्वारा संगठन के सुप्रीमो दिनेश गोप की गिरफ्तारी और गुमला में मार्टिन केरकेटा के एनकाउंटर के बाद उसने संगठन की कमान अपने हाथ में ले ली थी। इसके बाद वह रांची, खूंटी समेत कई इलाकों में लेवी वसूली और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय था।
सूत्रों के अनुसार, अमृत कई गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के बाद अब पुलिस स्प्लिंटर उग्रवादी संगठनों पर भी लगातार शिकंजा कस रही है। अमृत की गिरफ्तारी को इसी अभियान की बड़ी कड़ी माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस अमृत होरो से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क, सहयोगियों और संगठन से जुड़े अन्य सक्रिय सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। रांची पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।
इस गिरफ्तारी को झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment