Vaibhav Sooryavanshi : राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन का दमदार स्कोर खड़ा किया है. टीम को यहां तक पहुंचाने में वैभव के 96 रन के अलावा डोनोवन फरेरा का भी बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने 20वें ओवर में राशिद खान पर 4 छक्के ठोक दिए. फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों में 38 रन ठोके. उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने नाबाद 45 रन बनाए.
वैभव सूर्यवंशी के साथ एक बार फिर वही हो गया जिसका डर था. वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर तूफानी पारी खेली और एक बार फिर वो शतक से चूक गए. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन पर आउट होने वाले वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के दूसरे क्वालिफायर में 96 रन बनाकर आउट हो गए. गजब की बात ये है कि सूर्यवंशी एक बार फिर उसी एरिया में आउट हुए जहां वो हैदराबाद के खिलाफ आउट हुए थे. सूर्यवंशी ने इस बार भी शॉर्ट बॉल पर थर्ड मैन एरिया में शॉट खेला और प्रसिद्ध कृष्णा ने उनका बेहतरीन कैच लपका.
4 मैच में तीसरी बार शतक चूके सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन कमाल प्रदर्शन किया है लेकिन वो आईपीएल 2026 में तीन बार शतक से भी चूके हैं. बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने पिछली चार पारियों में से तीन बार सेंचुरी मिस की है. लखनऊ के खिलाफ सूर्यवंशी 93 रन बनाकर आउट हुए थे. हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 97 रन बनाए और अब गुजरात के खिलाफ वो 96 रन बनाकर आउट हो गए.
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़े कई रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 700 रन भी पूरे कर लिए वो आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे तेज 700 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए. वो पहले अनकैप्ड खिलाड़ी हैं जिन्होंने आईपीएल में 700 रनों का आंकड़ा पार किया है. इस खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 48.50 की औसत से 776 रन बना दिए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 237.31 है. इस सीजन वैभव सूर्यवंशी ने 63 चौके और 72 छक्के लगा दिए हैं.
आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए. वो आईपीएल इतिहास में सबसे तेज एक हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने महज 440 गेंदों में 1000 रन पूरे किए.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने खेली स्पेशल पारी
वैभव सूर्यवंशी की क्वालिफायर 2 में ये पारी बेहद खास है क्योंकि उन्होंने अपने नेचुरल गेम से अलग बैटिंग की. राजस्थान ने गुजरात के खिलाफ दो विकेट जल्दी गंवा दिए थे. यशस्वी जायसवाल ने 2 गेंदों में 1 ही रन बनाए और ध्रुव जुरेल 96 रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने रवींद्र जडेजा के साथ शानदार अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाल लिया. सूर्यवंशी ने इस मैच में 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया जो कि उनके करियर का सबसे धीमा अर्धशतक है. सूर्यवंशी ने शुरुआत तो धीमी की लेकिन इसके बाद उन्होंने रफ्तार पकड़ ली. इस खिलाड़ी ने अपनी पारी में 7 छक्के और 8 चौके लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 204.2 रहा.