PM Modi : भारत बनेगा ग्रीन एनर्जी का ग्लोबल हब, ऑस्ट्रेलिया को पीएम मोदी का बड़ा निवेश न्योता

Bindash Bol

PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की विदेश यात्रा के तहत ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे, जहां उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम को संबोधित करते हुए भारत को दुनिया का सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि भारत तेज़ी से ग्रीन एनर्जी और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने बताया कि भारत 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने और 2070 तक नेट-ज़ीरो उत्सर्जन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही देश ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर मॉड्यूल, विंड टर्बाइन और हाइड्रोपावर के लिए मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम तैयार कर रहा है।
उन्होंने 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता विकसित करने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया और कहा कि ऑस्ट्रेलिया के विशाल यूरेनियम भंडार और तकनीकी विशेषज्ञता भारत की ऊर्जा सुरक्षा को नई मजबूती दे सकते हैं।

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारत के बंदरगाह, हवाई अड्डे, सड़क, रेलवे और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर में दीर्घकालिक निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत का विशाल बाज़ार और ऑस्ट्रेलिया की पूंजी व विशेषज्ञता मिलकर दोनों देशों के लिए विन-विन साझेदारी का नया अध्याय लिख सकते हैं।
उन्होंने क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, माइनिंग, AI, फिनटेक, एडवांस टेक्नोलॉजी, एविएशन, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, डिजिटल इकोनॉमी, बैटरी, EV और रक्षा क्षेत्र को सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताया।

CEO फोरम में 200 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने 2022 के व्यापार समझौते का उल्लेख किया और CECA (Comprehensive Economic Cooperation Agreement) को जल्द अंतिम रूप देने की अपील की। साथ ही उन्होंने भारत के राज्यों और ऑस्ट्रेलिया के प्रांतों के बीच प्रत्यक्ष आर्थिक साझेदारी बढ़ाने का भी सुझाव दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समान दृष्टिकोण और मजबूत जनसंपर्क के आधार पर भारत और ऑस्ट्रेलिया की रणनीतिक व आर्थिक साझेदारी आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment