Palamu News: पलामू में मुआवजे पर बवाल: NH-39 निर्माण के दौरान खूनी झड़प, 2 पुलिसकर्मियों समेत 10 लोग घायल

Bindash Bol

जलेश

   Palamu :  झारखंड के पलामू जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) के चौड़ीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर गुरुवार को जबरदस्त बवाल हो गया। सदर थाना क्षेत्र के चियांकी स्थित वन चौकी के पास ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव और पुलिस लाठीचार्ज के बीच दो पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 10 लोग घायल हो गए।

मुआवजा नहीं, तो घर नहीं टूटेगा

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और जिला प्रशासन की टीम निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंची थी। ग्रामीणों ने साफ कह दिया कि जब तक जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक वे अपने घर नहीं टूटने देंगे। उनका आरोप है कि जमीन अधिग्रहण तो कर लिया गया, लेकिन मुआवजे का भुगतान अब तक नहीं हुआ।

पथराव में घायल हुए पुलिसकर्मी

तनाव बढ़ने पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस और सरकारी वाहनों पर कथित तौर पर पथराव कर दिया। इस दौरान महिला आरक्षी प्रिया कुमारी और पुलिसकर्मी राजमोहन सिंह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस का लाठीचार्ज, कई ग्रामीण घायल

स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में करीब आठ ग्रामीण घायल हुए। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात फिलहाल नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

प्रशासन का सख्त संदेश

पलामू के उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत ने कहा कि पथराव करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुआवजे से जुड़े सभी दावों की जांच होगी, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण हर हाल में पूरा कराया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि निर्माण स्थल के आसपास गुरुवार और शुक्रवार के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए, जिससे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment