Punjab Police : अमेरिका में पंजाब पुलिस का इंस्पेक्टर ‘वॉन्टेड’! FBI के आरोपों से मचा हड़कंप, 3.8 करोड़ की रंगदारी का सनसनीखेज़ मामला

Bindash Bol

Punjab Police : भारत की पंजाब पुलिस का एक इंस्पेक्टर अब अमेरिकी जांच एजेंसियों के निशाने पर है। अमेरिका के न्याय विभाग और FBI ने दावा किया है कि होशियारपुर के टांडा थाने के तत्कालीन SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने एक खतरनाक गैंगस्टर के साथ मिलकर अमेरिका में रहने वाले भारतीय परिवार से 4 लाख डॉलर (करीब 3.8 करोड़ रुपये) की रंगदारी मांगने की साजिश रची।
आरोप है कि परिवार को धमकी दी गई कि यदि रकम नहीं दी गई तो पंजाब में उनके परिजनों को हत्या के एक झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। FBI के अनुसार यह पूरी साजिश जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क के जरिए चलाई गई।
अमेरिकी न्याय विभाग ने साफ कहा है कि आरोपी इंस्पेक्टर फिलहाल उनकी हिरासत में नहीं है, लेकिन उसे भारत से अमेरिका लाकर मुकदमा चलाने की कार्रवाई की जाएगी। इसी ऑपरेशन में भारत से जुड़े आपराधिक नेटवर्क के 24 आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
मामला सामने आते ही पंजाब पुलिस ने गुरिंदरजीत सिंह नागरा को SHO पद से हटाकर निलंबित कर दिया और पुलिस लाइन भेज दिया। डीआईजी ने एसपी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि यदि आरोप सही पाए गए तो कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
FBI के आरोपपत्र में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी इंस्पेक्टर ने अप्रैल से जून के बीच लॉस एंजिल्स काउंटी में संपत्ति खरीदने की कोशिश की थी। जांच एजेंसी का कहना है कि यह मामला जनवरी में टांडा के मियानी गांव में हुई बलविंदर सिंह हत्याकांड से भी जुड़ा हुआ है।
उधर, शिरोमणि अकाली दल ने इस मामले को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। वहीं, इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह ने सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि उन्हें इस मामले की जानकारी केवल सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्टों से मिली है, किसी जांच एजेंसी ने अब तक उनसे आधिकारिक संपर्क नहीं किया है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अमेरिका वास्तव में भारतीय पुलिस अधिकारी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करता है और जांच आखिर किस निष्कर्ष तक पहुंचती है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment