Rakshabandhan : CM योगी का रक्षाबंधन पर बहनों को बड़ा तोहफा, 27-28 अगस्त को फ्री बस यात्रा का ऐलान; जानें पूरा प्लान

Bindash Bol

Rakshabandhan : रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिला यात्रियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी.

महिला यात्री अपने एक सहयोगी के साथ भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रक्षाबंधन के दौरान परिवहन व्यवस्था, महिला सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए हैं.

एक सहयोगी के साथ कर सकेंगी मुफ्त यात्रा

सीएम योगी ने निर्देश दिया कि 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक प्रदेशभर में महिला यात्रियों को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में बहनों के अपने घर और भाइयों के पास जाने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बसों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो.

सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड रहेगा सक्रिय

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को सुरक्षित और आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सभी संबंधित विभागों की है. महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही पुलिस और प्रशासन को प्रमुख बस अड्डों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने को कहा गया है.

नशे में ड्राइविंग करने वाले चालकों पर सख्ती

सीएम योगी ने बस चालकों की जांच कराने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. परिवहन विभाग को सभी जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा गया है.

बाढ़, जलभराव और अन्य मुद्दों की भी समीक्षा

शनिवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों और फील्ड में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन की तैयारियों के साथ जलभराव, बाढ़ राहत, चीनी की उपलब्धता और विद्यालयों की स्थिति की भी समीक्षा की.

उन्होंने अधिकारियों को जलभराव वाले इलाकों में राहत और जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी और प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया गया.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment