IND vs PAK: भारतीय फिरकी के आगे 55 रन पर सरेंडर कर गया पाकिस्तान, टीम इंडिया ने जीत की हैट्रिक के साथ रचा इतिहास

Bindash Bol

IND vs PAK: दुबई के मैदान पर जब भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आमने-सामने उतरीं, तो उम्मीद एक कड़े मुकाबले की थी। मगर भारतीय गेंदबाजों के तीखे तेवरों ने इस हाई-वोल्टेज जंग को एकतरफा बनाकर रख दिया। पाकिस्तान को टी20 इतिहास के उसके सबसे कम स्कोर (55 रन) पर समेटने के बाद भारत ने महज 52 गेंदों में 7 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने न सिर्फ ग्रुप स्टेज में अजेय रहते हुए हैट्रिक लगाई, बल्कि चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ लगातार पांचवीं टी20 जीत भी अपनी झोली में डाल ली।

स्पिन का ऐसा चक्रव्यूह, 28 रन के भीतर उखड़ गए 9 विकेट

​टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना के लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ। पाकिस्तान की शुरुआत संभली हुई रही और स्कोर बोर्ड पर बिना नुकसान 27 रन टंग चुके थे। लेकिन इसके बाद दुबई की पिच पर भारतीय स्पिनर्स का जो तूफान आया, उसमें पूरी पाकिस्तानी बैटिंग लाइन-अप तिनके की तरह बिखर गई।
​श्री चरणी ने बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचाते हुए सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए, तो वहीं प्रेमा रावत (3/9) और अनुभवी दीप्ति शर्मा (2/5) ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को सांस लेने तक का मौका नहीं दिया। शेफाली वर्मा ने भी 1 विकेट झटककर बहती गंगा में हाथ धोया।

नतीजा यह रहा कि पाकिस्तान ने अपने आखिरी 9 विकेट महज 28 रन के अंदर गंवा दिए और पूरी टीम 55 रन के शर्मनाक स्कोर पर ढेर हो गई।

फातिमा ने डराया, पर हरमनप्रीत-दीप्ति ने दिलाई आसान जीत

​56 रन के बेहद आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के इरादे पहली ही गेंद पर साफ हो गए, जब शेफाली वर्मा ने जोरदार छक्का जड़ा। हालांकि, पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने गेंद थामते ही मैच में थोड़ा रोमांच पैदा कर दिया। उन्होंने दो ओवरों के भीतर शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल को पवेलियन भेजकर भारतीय खेमे में हल्की खलबली मचाई।

​मगर यह तूफान ज्यादा देर नहीं टिका। कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 18) और दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) ने क्रीज पर कदम रखते ही पारी को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया। दोनों ने संभलकर खेलते हुए 8.4 ओवर (52 गेंद) में टीम को लक्ष्य के पार पहुंचा दिया। अक्टूबर 2022 से चला आ रहा पाकिस्तान का जीत का सूखा इस बार भी बरकरार रहा और टीम इंडिया शान से सेमीफाइनल की दहलीज पर खड़ी नजर आई।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment