Dia Mirza Troll: ‘हमें दिवाली मनाना न सिखाएं…’दीया मिर्जा के वीडियो पर BJP का विरोध, BMC ने हटाई पोस्ट

Bindash Bol

* ‘पाकिस्तान के चमचों को मत बुलाइए’, दीया मिर्जा के दीवाली पर पटाखे ना फोड़ने की अपील पर भड़की कोएना

* ‘दीया मिर्जा का वीडियो फिर से अपलोड करे BMC’, बॉम्बे HC का आदेश

Dia Mirza Troll: दिवाली का त्योहार खुशियों, रोशनी और अपनों के साथ जश्न मनाने का मौका होता है, लेकिन इस बार मुंबई में पटाखों को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने दिवाली के दौरान लोगों को प्रदूषण से बचने और सार्वजनिक जगहों पर पटाखे न फोड़ने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया था। इस अभियान में बॉलीवुड एक्ट्रेस और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा का एक वीडियो भी शामिल था। वीडियो में वह लोगों से पर्यावरण का ध्यान रखते हुए दिवाली मनाने की अपील कर रही थीं, लेकिन इस वीडियो को लेकर BJP ने आपत्ति जता दी, जिसके बाद बीएमसी ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।  वहीं दूसरी तरफ, बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा की प्रदूषण मुक्त दिवाली अपील पर विवाद को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने गहरी नाराजगी जताई है। साथ ही BMC को अभिनेत्री का वीडियो दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया।

अमित साटम ने जताई नाराजगी, BMC ने हटाया वीडियो

इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब मुंबई BJP अध्यक्ष अमित साटम ने दीया मिर्जा के वीडियो पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मुंबईकरों को दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने मुंबई की परंपराओं और संस्कृति का हवाला देते हुए इस अपील पर आपत्ति जताई। साटम के विरोध के बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो हटा दिया। हालांकि, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाघ और हर्षदा खानविलकर के वीडियो अब भी बीएमसी के सोशल मीडिया अकाउंट पर मौजूद हैं।

दीया मिर्जा ने बयान जारी कर रखी अपनी बात

वीडियो हटाए जाने के बाद दीया मिर्जा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ किया कि उनका वीडियो किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बनाया गया था। अभिनेत्री के मुताबिक, वायु प्रदूषण केवल पर्यावरण की समस्या नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर भी पड़ता है। दिवाली को स्वस्थ और जिम्मेदारी के साथ मनाने की उनकी अपील का मकसद सभी के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना था।

महापौर ऋतु तावड़े ने भी अभियान पर उठाए सवाल

मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने भी इस अभियान को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि वीडियो बनाने वाले किसी भी सेलिब्रिटी को इसके लिए भुगतान नहीं किया गया था, लेकिन ऐसी हस्तियों की सूची पहले महापौर के साथ साझा की जानी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई सभी धर्मों और समुदायों के लोगों का शहर है, लेकिन हिंदुत्व के खिलाफ बोलने वालों को बीजेपी कार्यकर्ता जवाब देंगे।

महापौर ने कहा कि अगर हम दीया मिर्जा की पूरी प्रोफाइल देखें तो पता चलता है कि उन्होंने नर्मदा परियोजना और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध किया है। उन्होंने उन पर्यावरणीय मुद्दों पर भी विरोध जताया, जिन पर हम काम कर रहे थे और प्रधानमंत्री मोदी के बयानों का भी विरोध किया। हमने लगातार देखा है कि उनका विरोध हिंदुत्व और उसके लिए काम करने वालों के खिलाफ रहा है। दूसरी बात, हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि हिंदुओं को दिवाली कैसे मनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें अपनी दिवाली मनाना आता है। वह अपना अलग और चुनिंदा एजेंडा चला रही हैं। उनका समग्र रुख अब बहुत स्पष्ट होता जा रहा है। इससे पता चलता है कि वह हिंदुत्व के खिलाफ हैं। इसी कारण हमने उनके वीडियो का कड़ा विरोध किया है। हमें उनसे यह सीखने की जरूरत नहीं है कि हिंदू होने के नाते हमें दिवाली कैसे मनानी चाहिए।

नीतेश राणे और किशोरी पेडणेकर ने भी दी प्रतिक्रिया

मंत्री नीतेश राणे ने भी दीया मिर्जा पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि वह बकरीद, ईद और मुहर्रम के दौरान इस तरह की अपील क्यों नहीं करतीं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने अमित साटम के बीएमसी के कामकाज में हस्तक्षेप पर सवाल खड़े किए। दूसरी ओर, सामाजिक कार्यकर्ता जोरू भटेना का कहना था कि आपत्ति संदेश से ज्यादा उसे देने वाले व्यक्ति से है।

हाईकोर्ट के निर्देशों का भी था हवाला

गौरतलब है कि बीएमसी की ओर से जारी अभियान में बांबे हाई कोर्ट के निर्देशों का भी जिक्र किया गया था। इसके अनुसार सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर रोक है। ऐसे में प्रदूषण से बचने की अपील को लेकर शुरू हुआ यह अभियान अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है।

‘पाकिस्तान के चमचों को मत बुलाइए’ : कोएना मित्रा

एक्ट्रेस कोएना मित्रा ने दीपावली पर पटाखे फोड़ने का समर्थन किया है और इसे त्योहार के पारंपरिक उल्लास का हिस्सा बताया है। एक्ट्रेस का कहना है कि हिंदू त्योहारों को कैसे मनाया जाए, इस पर दूसरों से सीखने की जरूरत नहीं है।

एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, सभी को मेरा नमस्कार, हम दीपावली रोशनी, पटाखों, संगीत, ढोल और स्वादिष्ट खाने के साथ मनाते हैं। हमें यह बताने के लिए पाकिस्तान के चमचों को मत बुलाइए कि हिंदू त्योहार कैसे मनाना चाहिए। उनके दिखावटी समाज-सेवा को नजरअंदाज कीजिए. एडवांस में दीपावली की शुभकामनाएं।

जानें क्या है मामला

दरअसल, बीएमसी ने दीपावली के अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक अभियान शुरू किया था, जिसके तहत एक्ट्रेस दीया मिर्जा का एक वीडियो संदेश जारी किया गया था। इस वीडियो में दीया मिर्जा ने मुंबईवासियों से अपील की थी कि वे पटाखे न जलाएं तथा ध्वनि और वायु प्रदूषण को कम करके एक पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाएं।

‘दीया मिर्जा का वीडियो फिर से अपलोड करे BMC’, बॉम्बे HC का आदेश

बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा की प्रदूषण मुक्त दिवाली अपील पर विवाद को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने गहरी नाराजगी जताई है। साथ ही BMC को अभिनेत्री का वीडियो दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया।

Share This Article
Leave a Comment