Jharkhand Road Accident : खूंटी जिले में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रक ने 9 लोगों को रौंदा, एक ही परिवार के 7 की मौत

Bindash Bol

Jharkhand Road Accident : झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. कर्रा थाना क्षेत्र में कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को कुचल दिया. हादसे में 10 महीने के मासूम बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई.

जानकारी के मुताबिक, घटना खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के जोने-लुदरू मोड़ के पास की है. गुरुवार रात एक स्कूटी के दुर्घटनाग्रस्त होने की आवाज सुनकर आसपास के मोहल्ले के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. इसके बाद वे कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर हादसे को देखने के लिए जमा हो गए. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में वहां एक और बड़ा हादसा होने वाला है.

इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया. ट्रक चालक सड़क पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका दिए बिना उन्हें रौंदता चला गया. इस दौरान ट्रक की चपेट में कई लोग आ गए. बताया जा रहा है कि ट्रक ने एक के बाद एक करीब आठ से नौ लोगों को कुचल दिया.

पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा ट्रक
लोगों को रौंदने के बाद भी ट्रक नहीं रुका. बेकाबू ट्रक सड़क किनारे बनी पुलिया को तोड़ते हुए पास के गड्ढे में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए.

इस भीषण दुर्घटना में अब तक सात लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है. मृतकों में करीब 10 महीने का एक दूधमुंहा बच्चा भी शामिल है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. हालांकि, मृतकों की पहचान और उनके आपसी रिश्तों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

दो लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए खूंटी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिली है.

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है. हालांकि, ट्रक चालक ने किस वजह से वाहन पर नियंत्रण खोया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

Share This Article
Leave a Comment