Up Election : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के उस बयान पर तीखा पलटवार किया जिसमें उन्होंने उत्तराखंड वालों को घुसपैठिया बताया था। सीएम योगी ने डिंपल यादव का नाम लिए बगैर कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।
लखनऊ में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव में पहुंचे सीएम योगी ने कहा- पिछले दिनों मैं एक व्यक्ति का बयान सुन रहा था। वह उत्तराखंड वालों को यूपी में घुसपैठिया कह रहा था। मैंने कहा कि यूपी के पहले मुख्यमंत्री ही उत्तराखंड के थे। अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।
‘ये लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों के गले मिलते हैं’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा- मां गंगा और मां यमुना भी उसी उत्तराखंड से आई हैं। सरयू और अन्य नदियां भी वहीं से आई हैं। ऐसे लोग बहुत छोटी और संकुचित मानसिकता के हैं। ये लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों से गले मिलते हैं। उनके सामने नाक रगड़ते हैं और देवभूमि के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं। ये उनकी विभाजनकारी मानसिकता है। ये उनके संस्कार हैं।
क्या बोले थे अखिलेश यादव?
गौरतलब है कि पिछले महीने मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े घुसपैठिए उत्तराखंड के हैं। सीएम योगी खुद एक वैचारिक घुसपैठिया हैं। उनको उत्तराखंड वापस भेज देना चाहिए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तब अखिलेश के बयान का कड़ा विरोध जताया था। अब सीएम योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया है।
इससे पहले उत्तराखंड महोत्सव की शुरुआत भगवान बदरीनाथ की आरती और पूजन से हुआ। सीएम योगी ने पद्मश्री विजय प्रसाद डिमरी और लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान 2026 प्रदान किया। इस मौके पर सांसद रीता बहुगुणा जोशी समेत कई लोग मौजूद रहे।