Sam Pitroda : राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर भूचाल आ गया है, और इस बार वजह कोई और नहीं बल्कि खुद कांग्रेस के दिग्गज नेता और राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले सैम पित्रोदा हैं. एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘तानाशाह’ होने के आरोप मढ़ती रही है, वहीं उनके अपने ही ‘गुरु’ और वैचारिक सलाहकार सैम पित्रोदा ने पीएम मोदी की कार्यशैली और उनके मानवीय पक्ष की खुलकर तारीफ कर डाली है. पित्रोदा द्वारा पीएम मोदी को एक ‘दयालु इंसान’ बताना न केवल विपक्षी खेमे को हैरान कर गया है, बल्कि कांग्रेस के उस मुख्य नैरेटिव को भी तगड़ा झटका दिया है जिसके सहारे वह बीजेपी पर हमलावर रहती थी. इस बयान के बाद सियासी पारा चढ़ना तय है और अब कांग्रेस के लिए अपने ही रुख पर सफाई देना मुश्किल हो गया है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने देश की राजनीति, इतिहास, लोकतंत्र और भविष्य को लेकर कई बेबाक टिप्पणियां की हैं. उन्होंने सोनिया गांधी की किताब पर बात की तो अयोध्या गोलीकांड पर नो कमेंट्स कहकर बात टाल दी. हालांकि इस दौरान उन्होंने माना कि प्रधानमंत्री से उनके व्यक्तिगत संबंध अच्छे हैं और वो एक दयालु इंसान है. उनके इस बयान के दूरगामी परिणाम निकलने वाले हैं, क्योंकि खुद राहुल और कांग्रेस पार्टी पीएम मोदी को तानाशाह के तौर पर प्रोजेक्ट करने की कोशिश करती है, नैरेटिव बिल्ट करती आई है.
राहुल गांधी के गुरु ने पीएम मोदी की दिल खोलकर की तारीफ
उनसे सोनिया गांधी की किताब में पीएम मोदी को एक कुशल वक्ता बताए जाने को लेकर सवाल हुआ कि उनकी प्रधानमंत्री मोदी के बारे में क्या राय है? क्या उनमें कोई ऐसी खूबी है जिसकी आप सराहना करते हैं? इस पर उन्होंने प्रधानमंत्री की दिल खोलकर तारीफ की और कहा कि वे मेरे एक गुजराती मित्र हैं. एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं. मैं उनसे मिला हूं, मेरी पत्नी और मैं उनसे मिले थे. व्यक्तिगत स्तर पर वे बहुत ही आत्मीय, दयालु, स्नेही और ख्याल रखने वाले रहे हैं. बेशक, वे एक अच्छे वक्ता हैं और मेहनती हैं.
पीएम मोदी एक आत्मीय, दयालु, स्नेही और ख्याल रखने वाले इनसान: सैम पित्रोदा
हमारी आपस में अच्छी बनती है और अभी भी अच्छी बनती है. हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं. एक गुजराती नेता, मित्र और शुभचिंतक के रूप में, मिस्टर मोदी के खिलाफ मेरे मन में कुछ भी नहीं है. वे मेरे प्रति बहुत आत्मीय हैं. इस बारे में कोई समस्या नहीं है. मैं इसकी सराहना करता हूं. और मेरी तरफ से भी, आप जानते हैं, मैं कई बार गुजरात में उनके घर जा चुका हूं. लेकिन दुनिया को लेकर उनके विचारों से मुझे दिक्कत हो सकती है.
मुझे उनकी विचारधारा से दिक्कत हो सकती है. लेकिन यह एक अलग बात है. यह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनके विचारों के खिलाफ है. और ये दोनों अलग-अलग चीजें हैं. देखिए, मैं मिस्टर मोदी से असहमत हो सकता हूं, और फिर भी उनके साथ बैठकर खाना खा सकता हूं और हंसी-मजाक कर सकता हूं. ठीक है? मुझे यह पता है. इसलिए, मुझे कोई दिक्कत नहीं है.
आपको बताएं कि सैम पित्रोदा ने इस दौरान इमरान मसूद के दीपावली को ‘मानवीय बीमारी’ बताने वाली टिप्पणी पर भी बोलने से इनकार कर दिया. राय रखने से भी परहेज किया. उन्होंने कहा कि मुझे तो पता ही नहीं कि आप किस बारे में बात कर रहे हैं. मैंने उनके बारे में कभी नहीं सुना. मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.
वहीं समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से कारसेवकों पर गोली चलाने को जायज ठहराने को लेकर हुए सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी चीजों पर मेरी कोई राय नहीं होती. यह उनका काम है. मैं इन सब चीजों में नहीं पड़ता. आपको बता दें कि सपाई बार-बार यह कहते रहे हैं कि मुलायम सिंह यादव ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिया था और उनका कहना है कि उस समय के हालात को देखते हुए ऐसा करना जरूरी था.
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव पर क्या बोले पित्रोदा?
इसके अलावा अमेरिका के मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) में रिपब्लिकन्स की हार के कारणों और इसका मोदी सरकार के लिए मैसेज पर उन्होंने कहा कि अमेरिका में लोग वहां की आर्थिक स्थिति से नाखुश थे. लोग शायद युद्ध से भी नाखुश थे. लोग फैसले लेने के तरीके में तानाशाही रवैये से नाखुश थे. और खासकर युवा पीढ़ी युद्ध नहीं चाहती. वे शांति चाहते हैं. वे रोजगार चाहते हैं, शिक्षा चाहते हैं, सुरक्षा चाहते हैं, अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहते हैं और युवाओं को मुख्य रूप से यह लगा कि डेमोक्रेट्स शायद बेहतर काम कर सकते हैं. और नतीजों में भी यही बात सामने आई.
इसी दौरान उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ कथित तौर पर जनता के गुस्से में बढ़ोतरी को लेकर हुए सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता के गुस्से के बारे में तो पता नहीं, लेकिन मैं प्रदर्शनों के बारे में बता सकता हूं. देखिए, ये प्रदर्शन दिखाते हैं कि जो चीज ‘जेन जेड’ और ‘कॉकरोच पार्टी’ के लोगों के एक छोटे समूह से शुरू हुई थी – जो परीक्षा परिणामों के खिलाफ थे – उसने अब एक अलग ही रूप ले लिया है, एक राष्ट्रीय रूप ले लिया है. इसने एक ऐसा रूप ले लिया है जो लोकतंत्र, चुनावों, खराब प्रदर्शन, अर्थव्यवस्था और नौकरियों से जुड़ा है. और बहुत कम समय में, इसने हमारी सोच से कहीं ज्यादा लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
सिख दंगों को लेकर पित्रोदा ने ये कहा!
सैम पित्रोदा ने सिखों के खिलाफ हुए दंगों के लिए गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराने को लेकर हुए सवाल पर उन्होंने कहा कि 40 साल पहले हुई किसी घटना के बारे में आज बात करने का क्या मतलब है? मैंने कई बार कहा है, इस पर बहुत चर्चा हो चुकी है. आप जानते हैं, इसे कोर्ट और बाकी लोगों पर छोड़ देना चाहिए. इस पर 40 साल पहले ही फैसला हो चुका है. सब कुछ ठीक है. हम बेवजह पुरानी बातों को क्यों खोदते हैं और कीचड़ उछालते हैं? मुझे हमारा यह रवैया समझ नहीं आता. आज के समय से इसका क्या लेना-देना है? आप कब तक ऐसा करते रहेंगे?
आपको भविष्य की ओर देखना चाहिए. और सब ठीक है, वे (सिख समुदाय) इस बात को समझते हैं. वह बात 40 साल से भी पुरानी है. लोग बस पुरानी बातों को खोदते रहते हैं. आइए भविष्य की ओर देखें. आइए मिलकर आगे बढ़ें. आइए सबके लिए एक बेहतर, समृद्ध और शांतिपूर्ण राष्ट्र बनाएं. हमारा एजेंडा यह होना चाहिए, न कि यह कि राम के समय क्या हुआ था या हनुमान वहां क्यों गए थे? उन्होंने पहाड़ क्यों उठाया था? इन बातों पर चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है. मैं आपसे ऐसे 50 सवाल पूछ सकता हूं, जैसे कि हनुमान ने समुद्र पार क्यों किया था?
नागरिकता से लेकर अन्य कई मुद्दों पर लोग कीचड़ उछालते हैं. दुख की बात है कि लोग उस इंसान के साथ ऐसा करते हैं जिसने अपने निजी सुख-आराम का इतना बड़ा त्याग किया हो. लेकिन हम ऐसे ही हैं, क्या कर सकते हैं? मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन कहानी है. मुझे उनके सफर पर गर्व है. मैं उनकी तारीफ करता हूं कि वे अपने उसूलों पर टिकी रहीं, तमाम हमलों को झेला और एक बहुत ही सम्मानजनक जीवन जिया. कितने लोग ऐसा कह सकते हैं?
वैसे, जिंदगी में हम सभी से गलतियां होती हैं. मैंने खुद सैकड़ों गलतियां की हैं. जिंदगी ऐसी ही है. आप सब कुछ सही नहीं करते. अगर आप मेरी सारी गलतियों पर ही ध्यान देना चाहते हैं, जैसे कि ‘आपने इतने लंबे बाल क्यों रखे हैं?’ तो आप लंबे बालों पर चर्चा कर सकते हैं और कह सकते हैं कि ‘हर किसी का हेयरकट सही होता है, तो आपका हेयरकट इतना खराब क्यों है?’ तो यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस चीज पर ध्यान देना चाहते हैं.
देखिए, अगर मैं आपमें कुछ अच्छा देखना चाहता हूं, तो मुझे पहले खुद में कुछ अच्छा देखना होगा. अगर मैं खुद में कुछ अच्छा नहीं देख पाता, तो मैं आपमें भी कभी कुछ अच्छा नहीं देख पाऊंगा. भारत में मैं अक्सर देखता हूं कि अगर मुझे आपका सम्मान करना है, तो मुझे पहले खुद का सम्मान करना होगा. अगर मैं खुद का सम्मान नहीं करता, तो मैं कभी आपका सम्मान नहीं कर पाऊंगा और हमेशा आपमें कमियां ही ढूंढता रहूंगा. हर कोई दूसरों में कमियां ढूंढने के इंतजार में रहता है, क्योंकि वे खुद के साथ सहज नहीं हैं. इसे देखने का एक नजरिया यह भी है. तो, उनकी किताब की बात करूं तो, मैं इसे पढ़ने के लिए उत्सुक हूं.
सोनिया गांधी की किताब पर क्या बोले पित्रोदा?
इस तरह की किताब लिखने में बहुत समय और कड़ी मेहनत लगती है. मैंने भी एक किताब लिखी है जो लगभग 350 पन्नों की है, जबकि उनकी किताब लगभग 500 पन्नों या उससे भी ज्यादा की है. और मुझे पता है कि किताब लिखने में क्या कुछ लगता है. यह एक गणितीय पहेली की तरह है, जहां आप हर छोटे टुकड़े को सही जगह पर फिट करने की कोशिश करते हैं, उसे बार-बार बदलते हैं, अलग-अलग रंग देते हैं. यह बहुत मेहनत का काम है. तो, इस सारी मेहनत का सम्मान करने के बजाय… हम तुरंत किताब के 19वें पन्ने पर पहुंच जाते हैं. ‘आपने यह कहा और मैंने वह कहा.’ यह बहुत बचकाना है, लेकिन यही हमारा स्वभाव है. तो, शुभकामनाएं.