Under-19 Asia Cup 2026 Final: भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी महामुकाबला आज, 9वीं बार ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाने उतरेगी टीम इंडिया

Bindash Bol

Under-19 Asia Cup 2026 Final : अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज (14 नवंबर) भारत और पाकिस्तान के बीच अल अमरात क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच होने वाले इस खिताबी मुकाबले से फैंस को एक रोमांचक मैच की पूरी उम्मीद है। लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी में खेल रही भारतीय अंडर-19 टीम हालांकि ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट से करीबी हार का सामना कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट में टीम इंडिया का सफर बेहद शानदार रहा है और उसने अपने ज्यादातर मुकाबले एकतरफा अंदाज में जीते हैं।

हेड-टू-हेड में भारत का पलड़ा भारी

​यूथ वनडे फॉर्मेट (अंडर-19) में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 बार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें भारतीय टीम ने 17 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तानी टीम 13 मैचों में सफल रही है और 1 मुकाबला टाई रहा है। वहीं, अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में दोनों टीमें फाइनल में तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें एक बार भारत, एक बार पाकिस्तान जीता है और एक मुकाबला टाई रहा है।

9वीं बार चैंपियन बनने का शानदार मौका

​अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम दर्ज है। भारत ने अब तक यह ट्रॉफी 8 बार अपने नाम की है और आज उसके पास 9वीं बार इस खिताब को अपने नाम करने का सुनहरा मौका है। भारत ने आखिरी बार साल 2021 में श्रीलंका को हराकर यह खिताब जीता था। दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम अब तक 2 बार (साल 2012 और 2025) अंडर-19 एशिया कप की विजेता बन चुकी है।

Share This Article
Leave a Comment