* सुनी ना अरज हमार
हे छठी मइया..
उग हो सुरुज देव,भइल भिनसार
अरग के रे बेरवा, पूजन के रे बेरवा हो
बड़की पुकारे दुनु कर जोरवा हो
Chhath Puja : छठ के ये लोकगन्धी गीत कानों में गूंजने लगे हैं। चार दिवसीय लोकआस्था का महापर्व छठ का आज दूसरा दिन यानी खरना है। लगता है धरती पर पुण्यलोक उतर आया है। लोक-आस्था का महापर्व छठ यानी सूर्योपासना का अद्भुत, अनूठा अनुष्ठान जिसमें अस्तलगामी सूर्य को पहले अर्घ्य दिया जाता है और उदीयमान सूर्य को बाद में। यह पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है-चैत्र और कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को। कार्तिक मास का छठ पर्व बहुत व्यापक रूप में मनाया जाता है। यह पर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तरप्रदेश (पूर्वांचल) और नेपाल के तराई क्षेत्रों में आस्था के साथ बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इसके अलावा यह महापर्व दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बंगलुरू, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत देश के अन्य राज्यों में रहनेवाले बिहार और पूर्वी उत्तरप्रदेश के लोगों तथा मॉरीशस, फिजी, गुयाना, टोबैगो, त्रिनिदाद के भोजपुरी भाषी प्रवासियों एवं यूके में लन्दन और आस-पास के इलाकों; संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यू जर्सी, कैलिफोर्निया, पेंसिल्वेनिया में झील के किनारे; अरब अमीरात के दुबई, शारजाह एवं आमजन तथा सिंगापुर, मलेशिया, जापान, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, फ्रांस, जर्मनी में बिहार और पूर्वांचल के भारतीय प्रवासियों द्वारा मनाया जाता है। देश में मारवाड़ी समाज के कुछ लोग बड़े उत्साह से यह पर्व मनाते हैं। बिहार में कुछ इलाकों मुस्लिम परिवार की महिलाएँ भी यह व्रत रखती हैं।
छठी, षष्ठी का अपभ्रंश है। वस्तुतः यह सूर्य षष्ठी व्रत है। मार्कण्डेय पुराण में यह उल्लेख है कि सृष्टि की अधिष्ठात्री प्रकृति देवी ने स्वयं को छह भागों में विभाजित किया। इनके छठे अंश को सर्वश्रेष्ठ मातृ देवी के रूप में जाना जाता है, जो ब्रह्मा की मानस पुत्री और सूर्य की बहन हैं। इनका नाम देवसेना है। प्रकृति देवी का यह रूप हमारे सामूहिक अवचेतन में छठी मइया के रूप में कब प्रतिष्ठित हुआ, यह बताना मुश्किल है। लोक मानस में बैठे लीला-पुरुष की लीला अपरंपार है।
भारत में सूर्योपासना की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। ‘आदित्यहृदयम्’ सूर्य स्तुति के मंत्र हैं। अगस्त्य ऋषि द्वारा रचित ये मंत्र वाल्मीकि रामायण के युद्धकाण्ड में हैं। रावण के विरुद्ध युद्धरत राम को रावण पर विजय पाने के लिए अगस्त्य ऋषि ने इन मंत्रों से सूर्य की स्तुति करने की सलाह दी थी। प्रचलित कथाओं के अनुसार मुग्दल ऋषि के कहने पर सीता ने आज के मुंगेर में गंगा नदी के तट पर सूर्य की उपासना की थी। उस जगह आज सीता चरण मंदिर है। गंगा नदी के बीच एक शिलाखंड पर सीता माता के चार चरण चिह्न अंकित हैं।
महाभारत की एक कथा के अनुसार पाण्डव जब अपना राजपाट जुए में हार गए थे तो श्रीकृष्ण के बताने पर द्रौपदी ने छठ व्रत किया था। उन्हें उनका राजपाट वापस मिला। सूर्यपुत्र कर्ण सूर्य के बड़े उपासक थे। वे घण्टों कमर तक पानी में खड़े रहकर सूर्य भगवान को अर्घ्य देते थे।
शास्त्रों के अनुसार कृष्ण के पुत्र साम्ब को कुष्ठ रोग हो गया था। उन्होंने सूर्य की आराधना कर इस रोग से मुक्ति पायी। जिस सूर्य मंदिर में राजा साम्ब ने सूर्य की पूजा की थी वह मगध की प्राचीन राजधानी राजगृह के निकट बड़कागाँव में स्थित था। कहते हैं चार दिन व्रत रखकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा की शुरुआत मगध से ही हुई थी। राजा साम्ब ने देश भर में बारह सूर्य मंदिर बनवाये। इनमें से औरंगाबाद जिले के देव स्थित देवार्क, पटना जिला के पंडारक स्थित पुण्यार्क और भरतपुरा स्थित उलार्क तथा नवादा जिला के हंडिया स्थित हंडार्क प्रसिद्ध हैं।
छठ शायद एक मात्र ऐसा उत्सव है, जिसमें लोक जीवन को अपनी संपूर्णता में अभिव्यक्ति मिलती है। समय चाहे कितना भी बदल जाये, छठ जैसे लोक पर्व के प्रति आस्था नहीं बदली। इसकी विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तगत होती रही है। मेरे घर में एक छठ व्रत करने का इतिहास सौ साल से भी ज्यादा पुराना रहा। यह परंपरा 2019 तक बरकरार थी। छठ में शुद्धता और पवित्रता का पूरा ध्यान रखा जाता है। कार्तिक शुरू होने के साथ ही सात्विक भोजन बनना शुरू हो जाता है। चार दिनों तक घर पर लोगों को आना-जाना लगा रहता है। इस दौरान बहुत सुकून का अहसास होता है।
मेरी दादी ने सर्वप्रथम सन् 1912 में कार्तिक मास का छठ किया और अविराम सन् 1959 तक उन्होंने छठ व्रत किया। मेरी माँ ने सन् 1941 से चैती छठ करना आरंभ किया। उसी वर्ष कार्तिक मास का भी छठ किया। वह 1978 तक छठ करती रहीं। चैती छठ के सांध्य अर्घ्य के दिन ही उनका देहावसान हुआ। माँ बताती थीं कि मेरे बड़े भाई गौर वर्ण के और अजानबाहु थे। मात्र दस माह की अवस्था में उनकी मृत्यु हो गई। परिवार एक तरह से टूट गया था। तब उन्होंने मन्नत मानी थी कि अगले पुत्र के जन्म के बाद वे छठ व्रत रखेंगी। मेरे बाबूजी भी छठ करते थे। उन्होंने 1949 से 1952 तक छठ किया। गांव पर अपना छठ घाट भी है।
मेरे छोटे भाई कृष्ण बिहारी प्रसाद श्रीवास्तव ने 1975 से 2009 तक छठ व्रत किया। मेरी बड़ी भावे किरण श्रीवास्तव 1979 से अब तक छठ कर रही थी। छोटी भावे माधुरी रंजन 1996 से छठ कर रही थी। पत्नी अस्वस्थता के कारण छठ नहीं कर पायीं। पहले छठ में हमलोग गांव (गलिमापुर) चले जाते थे। वहाँ पूरा परिवार इकट्ठा होता था। कभी छठ पर्व मनाने के लिए सबलोग राँची आ जाते। साल भर छठ का इंतज़ार होता था। घर में 20-25 लोग होते थे। हिंदी की कथाकार ऋता शुक्ल ने भी हमलोगों के घर पर तीन -चार वर्षोँ तक छठ किया। धीरे-धीरे सबकी व्यस्तता बढ़ी तो जो जहाँ रहा वहीं छठ करने लगा। 1991 से 2004 तक राँची वाले घर पर छठ नहीं हुआ।
सन 2003 में मझले बेटे हिमकर की तबियत ख़राब हुई। रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर हो गया था। बड़ा ऑपरेशन हुआ। डॉक्टरों ने बताया कैंसर है। घर में बीमारी को लेकर सब परेशान थे, चिन्तित थे। ऐसे में मेरी बड़ी बहू शक्ति श्याम ने हिमकर के स्वास्थ्य के लिए मन्नत मांगी और 2005 से छठ व्रत रखने लगी। तब से लगातार विधि-विधान और निष्ठा के साथ इस व्रत को करती रही। बड़ी बहू की माँ भी छठ व्रत रखती थीं। बड़ी बहू को छठी मइया पर अटूट विश्वास रहा। घर की सुख, शांति, समृद्धि और सबके स्वास्थ्य के लिए वह छठ व्रत करती रही। मेरे घर में छठ पर्व के अवसर पर नहा-खाय के दिन 100 से अधिक, खरना के दिन ढ़ाई सौ से अधिक और पारण के दिन डेढ़ सौ से अधिक मित्र और परिजन प्रसाद ग्रहण करने आते थे। सप्तमी को सुबह के अर्घ्य के समय पच्चास-साठ लोग रहते थे। अर्घ्य के बाद नाश्ते में सभी के लिए आलू चाप और चाय बनती। वर्ष 2020 में छठ के खरना के दिन छोटे भाई कृष्ण बिहारी का असामयिक निधन हो गया और छठ व्रत भंग हो गया और इस प्रकार एक सौ आठ वर्षों से अधिक पुरानी परम्परा का दुखद अंत हो गया। छठ महापर्व आरम्भ हो गया है। जिस घर में 2019 तक छठ में सगे-संबंधियों,परिजनों, मेरे तथा मेरे पुत्रों के मित्रों और झारखण्ड हिंदी साहित्य संस्कृति मंच के सम्मानीय सदस्यों की भीड़ रहती थी, वहाँ सन्नाटा पसरा हुआ है और पुराने दिनों की याद में खोया उदास बैठा हूँ।