Republic Day 2025 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति बने भव्य समारोह के गवाह…

Siddarth Saurabh

Republic Day 2025 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित वहां मौजूद सभी गणमान्य लोगों ने झंडे को सलामी दी। इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि हैं। इसके साथ ही वह विश्व के उन चुनिंदा नेताओं की सूची में शुमार हो गए जिन्होंने पिछले सात दशकों में देश के सबसे बड़े समारोह की शोभा बढ़ाई है। सुबियांतो गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति हैं।
इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में, भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे। राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दिए जाने के बाद कर्तव्य पथ पर परेड की शुरुआत हुई।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय समर स्मारक जाकर शहीदों को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान और तीनों रक्षा सेवाओं के प्रमुख भी मौजूद थे।
भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजादी मिली थी लेकिन 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित हुआ। ठीक 75 वर्ष पहले आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था।

तिरंगे के रंग में रंगा देश, कर्तव्य पथ पर भारत की गौरव गाथा, दुनिया देख रही हिंदुस्तान का दम

इंडोनेशियाई सैन्य बैंड ने कर्तव्य पथ पर किया मार्च

इंडोनेशियाई सैन्य अकादमी के 190 सदस्यीय बैंड जेंडरंग सुलिंग कांका लोकानंता और इंडोनेशियाई राष्ट्रीय सशस्त्र बलों (टीएनआई) की सभी शाखाओं के 152 कर्मियों से युक्त मार्चिंग टुकड़ी ने 76वें गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर मार्च किया। इस साल इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में भाग ले रहे हैं।

76वें गणतंत्र दिवस की पहली हवाई संरचना

76वें गणतंत्र दिवस की पहली हवाई संरचना, ‘ध्वज संरचना’. 129 हेलीकॉप्टर यूनिट के Mi-17 1V हेलीकॉप्टर आसमान से उड़ान भरते हुए राष्ट्रीय ध्वज के साथ-साथ सेना, नौसेना और वायु सेना के संबंधित सेवा ध्वजों को ले जा रहे हैं और पुष्प वर्षा कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment