IRFAN ANSARI : प्राय: अपने बयान से विवादों में रहने वाले कांग्रेस कोटे से झारखंड सरकार में हेल्थ मिनिस्टर इरफान अंसारी एक बार फिर विवादों में है। कभी हेमंत सोरेन को राम और अपने को हनुमान बताने वाले इरफान अंसारी ने जामताड़ा में आज कहा कि झारखंड में हमेशा सोरेन परिवार के ही लोग सीएम बनेंगे।
दरअसल, आज सोमवार को जामताड़ा के एक कार्यक्रम में
राज्य के हेल्थ मिनिस्टर डॉ इरफान अंसारी का झामुमो प्रेम एक बार फिर उमड़ पड़ा है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन और उनके पिताजी ने लड़ कर अलग झारखंड राज्य लिया। राज्य के लिए इस परिवार ने काफी त्याग किया। लिहाजा राज्य मे मुख्यमंत्री हमेशा सोरेन परिवार से ही बनेगा। हालांकि इरफान अंसारी के इस बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए नसीहत भी दे डाली कि इस तरह के विषय पार्टी फोरम पर रखी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री का फैसला गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में होता है। यह बयान उनका व्यक्तिगत हो सकता है पार्टी का नहीं।
मंत्री इरफान अंसारी के इस बयान पर कांग्रेस ने तल्ख प्रतिक्रिया दी है। झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दो टूक कहा है कि ये इरफान अंसारी का निजी बयान हो सकता है, पार्टी का नहीं। गठबंधन में तय किया जाता है कि कौन मुख्यमंत्री होगा। 2024 के चुनाव में हेमंत सोरेन को सीएम पद के लिए चुना गया था। इस स्तर के फैसले शीर्ष नेता लेते हैं। पार्टी लाइन से जुड़ी किसी भी बात को पार्टी फोरम में रखना चाहिए। ऐसी कोई बात नहीं कहनी चाहिए जिससे विवाद या मतांतर हो।
वहीं झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि मंत्री इरफान अंसारी ने वही बातें कही हैं जो यहां की जनता कहती है। झारखंड की जनभावना और विपक्ष की पस्त हुई ताकत को देखकर उन्होंने ऐसा बयान दिया होगा। अलग बात है कि उन्होंने परिवार की भी बात कर दी है। लेकिन सभी जानते हैं कि अभी लंबे समय तक हेमंत सोरेन के पास ही सत्ता रहेगी। अभी सीएम पद के लिए किसी भी दूसरे की वैकेंसी नहीं है। हेमंत सोरेन को छोड़कर जनता अभी किसी को सीएम की कुर्सी पर नहीं देखना चाहती है।