Tripura Girl Missing : दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज से लापता स्नेहा देबनाथ का शव पुलिस को मिल गया है. पुलिस ने स्नेहा का शव को गीता कॉलोनी के फ्लाईओवर के पास यमुना नदी से बरामद किया है. बता दें कि पिछले 7 दिनों से पुलिस स्नेहा की तलाश कर रही थी. स्नेहा की गुमशुदगी की रिपोर्ट महरौली थाने में दर्ज थी. अपनी फ्रेंड को रेलवे स्टेशन पर ड्रॉप करने की बात कहकर स्नेहा 7 जुलाई को घर से निकली थी.
स्नेहा देबनाथ का परिवार मूल रूप से त्रिपुरा रहने वाला है. स्नेहा दक्षिण दिल्ली के महरौली थाना क्षेत्र में आने वाले पर्यावरण कॉम्प्लेक्स में रहती थी. 7 जुलाई को वह अपनी मां को दोस्त पटुनिया को स्टेशन छोड़ने की बात कहकर निकली थी. कैब ड्राइवर ने स्नेहा का दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर ड्रॉप किया था. इसके बाद वह वहां से लापता हो गई थी. परिजनों ने उसे खोजने की बहुत कोशिश की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला.
सिग्नेचर ब्रिज पर मिली थी आखिरी लोकेशन
इसके बाद उन्होंने 9 जुलाई को महरौली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर स्नेहा की तलाश शुरू कर दी थी. पुलिस लगातार यमुना नदी में उसकी तलाश कर रही थी. लापता होने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी घर में छोड़ा था, जिसमें आत्महत्या की बात लिखी हुई थी. महरौली पुलिस के अनुसार, स्नेहा की सिग्नेचर ब्रिज पर आखिरी लोकेशन मिली थी.
स्नेहा का शव यमुना नदी से बरामद
अब रविवार को पुलिस ने गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास यमुना नदी से एक संदिग्ध युवती का शव बरामद किया था. शिनाख्त में संदिग्ध शव की पहचान स्नेहा के तौर पर हुई है, जो कि 7 दिनों से लापता थी. शव के मिलने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में मामले की जांच शुरू कर दी है.
