जलेश
Jharkhand : यह वही झारखंड है जहां कुछ वर्ष पहले भात-भात कहते-कहते 11 साल की संतोषी की मौत हो गई थी। भूख से तड़पकर मौत। सितंबर 2017 में इस शब्द ने पूरे सभ्य समाज को झकझोर कर रख दिया था। तब झारखंड के सिमडेगा जिले के रहने वाली कोयली देवी का कहना था कि उनकी बेटी भूख की वजह से मर गयी। अब एक और मां पिंकी देवी की बारी है। पिंकी देवी ने कहा कि बीमारी और गरीबी की वजह से अपने ही बच्चे को बेचना पड़ा।
जी हाँ, उसी झारखंड में अब मजबूरी में बच्चा बेचने का मामला सामने आया है। पहले सिमडेगा अब पलामू। झारखंड के पलामू में अपने ही नवजात बच्चे को बेचने का मामला सामने आया है। बेचने वाले कोई और नहीं बल्कि बच्चे के मां बाप ही हैं। उन्होंने अपने नवजात को 50 हजार रुपये में किसी दूसरे दंपति को बेच दिया। बताया जाता है रोग से परेशान और पेट की आग बुझाने के लिए दंपति को अपने कलेजे के टुकड़े को बेचना पड़ा।
मामला पलामू जिले के लेस्लीगंज थानाक्षेत्र के लोटवा कामलकेडिया गांव का है। लोटवा निवासी रामचंद्र राम जिसका घर उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में है और लेस्लीगंज के लोटवा में ससुराल है।
रिपोर्ट के मुताबिक रामचंद्र राम मेहनत मजदूरी कर जीवनयापन करता है। पहले ससुराल में ही रहता था। ससुराल वालों ने थोड़ी जमीन देकर अलग कर दिया था। इस बार की बारिश ने उसकी झोपड़ी को तहस-नहस कर दिया। अब वह लोटवा में बने सरकारी शेड में रहता है। उसके पांच बच्चे हैं। सही तरीके से पालन पोषण करने में असमर्थ रामचंद्र ने अपना सबसे छोटा बेटा जो इसी राखी के दिन जन्म लिया था को 50, 000 हज़ार में लातेहार के एक दंपति के पास बेंच दिया। खरिदने वाला दंपति का लोटवा चटकपुर में बहन का घर है। उन्ही लोगो ने मध्यस्थता कर पचास हज़ार में सौदा कर बच्चे को अपने रिश्तेदार को खरीदवाया है। लेस्लीगंज थाना प्रभारी, जीप सदस्य जो उसी गांव के है, जानकारी नही होने की बात कही है।
ना आधार कार्ड ना ही राशन कार्ड कुछ भी नहीं, डॉक्यूमेंट के नाम पर गरीबी
पिंकी देवी के पास ना घर है, आधार कार्ड, राशन कार्ड कुछ भी नहीं। ईनके यहां दोनों समय चूल्हा नहीं जल पता। राशन डीलर कागज की बात करते हैं।मगर इस दंपति के पास गरीबी बीमारी छोड़कर कुछ भी नहीं।
झारखंड में हो रही शर्मसार करने वाली घटनाओं से क्या पता हम सभी सबक सीख पाएंगे या नहीं मगर इतना जरूर है आगे आने वाले समय में इस घटना पर जिम्मेदार लोग अपने -अपने तरीके से सहूलियत के मुताबिक घटना की व्याख्या अवश्य करेंगे।
