Asia Cup 2025: पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लेने की तैयारी में ICC, UAE के खिलाफ मैच से पहले किया था हाईवोल्टेज ड्रामा

Bindash Bol

Asia Cup 2025: अभी नो हैंडशेक का विवाद थमा ही नहीं कि पाकिस्तान एक और बड़ी मुश्किल में फंसता हुआ नजर आ रहा है। अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) एक मामले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है। इससे पहले रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने को लेकर पाकिस्तान की टीम ने काफी बवाल किया था। इसकी वजह से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ मैच एक घंटे देरी से शुरू हुआ था। इस मैच को जीतकर पाकिस्तान ने सुपर-4 में जगह बना ली है, लेकिन अब उसके ऊपर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

PMOA के नियमों का हुआ उल्लंघन

आईसीसी ने बुधवार को हुए मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को एक ईमेल भेजा है जिसमें ‘गलत आचरण’, प्लेयर्स और मैच ऑफिशियल के एरिया (PMOA) प्रोटोकॉल के ‘कई उल्लंघनों’ का हवाला दिया गया है। टूर्नामेंट से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने पीसीबी को पत्र लिखकर कहा है कि बोर्ड मैच के दिन PMOA के नियमों के बार-बार उल्लंघन का दोषी है। पीसीबी को ईमेल मिल गया है।

PCB ने बैठक में मीडिया मैनेजर को बुलाया

पता चला है कि कई चेतावनियों के बावजूद पाकिस्तान ने मीडिया मैनेजर नईम गिलानी को टॉस से पहले पायक्रॉफ्ट, उसके मुख्य कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान अली आगा के बीच हुई बैठक को फिल्माने की अनुमति देकर नियमों का उल्लंघन किया। आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया था कि मीडिया मैनेजर्स को ऐसी बैठकों में शामिल होने की इजाजत नहीं है। सूत्र ने कहा कि इसका उद्देश्य टॉस के समय उत्पन्न होने वाली किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण गलतफहमी या गलत संवाद को दूर करना था। पीसीबी अपने मीडिया मैनेजर को बैठक में लाया और जोर देकर कहा कि वह बातचीत के दौरान मौजूद रहेंगे।

आईसीसी ने जताई आपत्ति
मीडिया मैनेजर को आईसीसी के भ्रष्टाचार निरोधक प्रबंधक ने प्रवेश देने से मना कर दिया क्योंकि वह अपना मोबाइल फोन PMOA में ले जाना चाहते थे जिस पर कड़ा नियंत्रण है। सूत्र ने बताया कि पीसीबी ने मीडिया मैनेजर को बैठक के दौरान उपस्थित नहीं रहने देने पर मैच से हटने की धमकी दी और फिर बातचीत को (बिना ऑडियो के) फिल्माने पर जोर दिया, जो PMOA नियमों का एक और उल्लंघन था। आईसीसी को यह भी नहीं बताया गया कि पीसीबी फिल्माए गए फुटेज का उपयोग कैसे करने की योजना बना रहा है। आईसीसी ने पीसीबी की उस प्रेस रिलीज पर भी आपत्ति जताई है जिसमें दावा किया गया था कि पायक्रॉफ्ट ने ‘माफी मांगी’ है जबकि वास्तव में उन्होंने केवल एक गलत संचार पर खेद व्यक्त किया था।

Share This Article
Leave a Comment