India vs Oman: अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में हो रहे एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारत ने ओमान को 21 रन से हरा दिया और जीत की हैट्रिक लगाई. भारत से मिले 189 रनों के लक्ष्य करने उतरी ओमान 167 रन बना पाई. आमिर कलीम और हम्माद मिर्जा के अर्द्धशतकों से ओमान आखिरी तक संघर्ष करने में सफल रही. भारत ने 8 गेंदबाजों का इस मुकाबले में इस्तेमाल किया. वहीं इस जीत के साथ ही भारत ग्रुप स्टेज में ग्रुप ए में टॉप पर रही.
189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान के सलामी बल्लेबाजों कप्तान जतिंदर सिंह और आमिर कलीम ने मजबूत शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.3 ओवर में 56 रन जोड़े. कप्तान जतिंदर 33 गेंद पर 32 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने. इसके बाद आमिर कलीम और हम्माद मिर्जा ने दूसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की. यह जोड़ी भारत के लिए खतरनाक दिख रही थी, लेकिन हर्षित राणा ने कलीम को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी. वह 46 गेंद पर 2 छक्के और 7 चौके की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए.
हम्माद मिर्जा ने भी अर्धशतक लगाया. वह 33 गेंद पर 51 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने. अर्शदीप ने विनायक शुक्ला को आउट कर टी20 अंतर्राष्ट्रीय में अपना 100वां विकेट लिया. ओमान ने 4 विकेट पर 167 रन बनाए और 21 रन से मैच हारी. भारत के लिए हार्दिक, हर्षित, कुलदीप और अर्शदीप ने 1-1 विकेट लिए.
इससे पहले, संजू सैमसन के अर्द्धशतक के दम पर भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 188 रन बनाए हैं और ओमान को जीत के लिए 189 रनों का लक्ष्य दिया है. भारतीय बल्लेबाजी क्रम आज काफी बदला दिखा. कप्तान सूर्या खुद बल्लेबाजी को नहीं आए. भारत के लिए संजू सैमसन ने 56, अभिषेक ने 38, तिलक ने 29 और अक्षर ने 26 रनों की पारी खेली. ओमान के लिए जितेन, शाह फैसल और आमिर कलीम ने 2-2 विकेट झटके.
