- अविनाश कुमार कौन है? झारखंड के मुख्य सचिव के साथ CM के अपर मुख्य सचिव का भी कार्यभार
IAS Avinash Kumar : 1993 बैच के आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार झारखंड के नए मुख्य सचिव होंगे। मंगलवार 30 सितंबर को मुख्य सचिव अलका तिवारी के सेवानिवृत होने के बाद उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इसको लेकर अधिसूचना जारी कर दी।
राज्य के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार वर्तमान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अपर मुख्य सचिव है। वो अपने कार्यों के अलावा अपर स्थानिक आयुक्त नयी दिल्ली के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
सीएम हेमंत सोरेन के करीबी आईएएस
आईएएस अविनाश कुमार सीएस बनने के पहले भी मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल रहे थे। इसके अलावा झारखंड ऊर्जा विकास निगम लि. के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक और झारखंड बिजली वितरण निगम लि, रांची के प्रबंध निदेशक का दायित्व संभाल रहे थे। सीएम हेमंत सोरेन के करीबी अविनाश कुमार के पास नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में स्थानिक आयुक्त का भी कार्यभार था। अविनाश कुमार अब सीएम के एसीएस के अलावा स्थानिक आयुक्त के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का भी प्रभार
कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को अपने कार्यों से साथ विकास आयुक्त का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
