Accident in Latehar: रविवार का सूरज लातेहार के ओरसा घाटी में एक ऐसी चीख लेकर आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। छत्तीसगढ़ से अपनों के घर ‘मेहमानी’ करने जा रहे एक परिवार और उनके करीबियों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उनकी बस अनियंत्रित होकर गहरी घाटी में पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि 25 लोगों के घायल होने की खबर है।

चीख उठा ओरसा घाटी
जानकारी के अनुसार, यात्री बस को विशेष रूप से रिजर्व किया गया था। बस में सवार लोग हंसी-खुशी किसी सामाजिक समारोह या सगे-संबंधियों से मिलने जा रहे थे। उन्हें क्या पता था कि ओरसा घाटी की खतरनाक मोड़ उनके सफर का आखिरी पड़ाव साबित होगी। बस जैसे ही घाटी में पहुंची, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और देखते ही देखते बस चीख-पुकार के साथ पलट गई।
5 घरों के चिराग बुझने की आशंका
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस भयावह मंजर में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन घटनास्थल की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। हादसे में 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज महुआडांड़ अस्पताल में चल रहा है।
अस्पताल में मची कराह, जिंदगी के लिए संघर्ष
अस्पताल के गलियारों में अब सिर्फ सिसकियां और अपनों को खोने का डर गूंज रहा है। घायलों में कई की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। जैसे ही हादसे की खबर फैली, ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े, लेकिन घायलों की आंखों में छाया खौफ इस हादसे की भयावहता बयां कर रहा है।
