Asia Cup 2025 : सुपर-4 में पहुंचीं ये चार टीमें, जानें पॉइंट्स टेबल का हाल

Bindash Bol
  • अफ़गानिस्तान एशिया कप से बाहर
  • श्रीलंका ने तोड़ा अफगानिस्तान का सपना, बांग्लादेश की सुपर-4 में हुई एंट्री

Asia Cup 2025 : एशिया कप 2025 के सुपर 4 स्टेज के लिए चारों टीमें फाइनल हो गई हैं। ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान पहले ही क्वालीफाई हो चुके हैं जबकि ग्रुप बी से श्रीलंका और बांग्लादेश ने क्वालीफाई किया। एशिया कप का 11वां मुकाबला श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को श्रीलंका ने 6 विकेट से अपने नाम कर लिया, जिससे श्रीलंका और बांग्लादेश दोनों सुपर 4 के लिए क्वालीफाई हो गए। अफगानिस्तान के लिए श्रीलंका के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला था। अगर वे श्रीलंका को हरा देते तो सुपर 4 के लिए क्वालीफाई कर जाते।

श्रीलंका ने तोड़ा अफगानिस्तान का दिल

ग्रुप-बी के आखिरी लीग मुकाबले में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को हराकर उसे एशिया कप से बाहर कर दिया। इसके साथ ही बांग्लादेश को सुपर-4 में जगह मिल गई। अगर अफगानिस्तान की टीम इस मुकाबले को जीत जाती तो बांग्लादेश को पहले ही दौर से बाहर होना पड़ता, लेकिन श्रीलंका ने ऐसा होने नहीं दिया। इस ग्रुप में श्रीलंका अपने तीनों मैच जीतकर पॉइंट टेबल के टॉप पर रही।

बांग्लादेश तीन में से 2 मैच जीतकर 4 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रही। अफगानिस्तान इस टूर्नामेंट में केवल एक ही मैच जीत पाई और वो पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रही। हॉन्ग कॉन्ग की टीम अपने तीनों मैच हारकर इस टेबल में सबसे निचले पायदान पर मौजूद है।

भारत और पाकिस्तान ने पहले ही ले ली सुपर-4 में एंट्री

ग्रुप-ए से भारत और पाकिस्तान की टीम पहले ही सुपर-4 में जगह बना चुकी है। हालांकि भारत अपना आखिरी लीग मुकाबला 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ खेलगा, लेकिन उसने अपने पहले दो मैचों में पाकिस्तान और UAE को हराकर सुपर-4 में जगह पक्की कर ली थी।

पाकिस्तान ने ओमान और UAE को हराकर सुपर-4 में जगह बनाई। UAE एक मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल पर तीसरे स्थान पर मौजूद है। ओमान अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाया है।

सुपर-4 में इनके बीच होगी पहली टक्कर

एशिया कप 2025 के सुपर-4 में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें पहुंच चुकी हैं। अब सुपर-4 में पहला मुकाबला 20 सितंबर को श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। 21 सितंबर को पाकिस्तान का सामना एक बार फिर टीम इंडिया से होगा।

ऐसा रहेगा सुपर 4 का शेड्यूल

  • 20 सितंबर, श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, दुबई, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, रात 8 बजे (भारतीय समयनुसार)
  • 21 सितंबर, भारत बनाम पाकिस्तान, दुबई, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, रात 8 बजे
  • 23 सितंबर, पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, अबू धाबी, शेख जायद स्टेडियम, रात 8 बजे
  • 24 सितंबर, भारत बनाम बांग्लादेश, दुबई, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, रात 8 बजे
  • 25 सितंबर, पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश, दुबई, दुबई इंटरनेशनल ,स्टेडियम, रात 8 बजे
  • 27 सितंबर, भारत बनाम श्रीलंका, दुबई, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, रात बजे
  • 28 सितंबर, एशिया कप 2025 फाइनल, दुबई, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम

सुपर 4 में सबसे पहले पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत

अब तक इस पूरे टूर्नामेंट में भारत सबसे ज्यादा मजबूत टीम बनकर सामने आई है। भारत ने अपने पहले मैच में यूएई को तो दूसरे मैच में अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 7 विकेट से धूल चटाई थी। हालांकि, इस मैच में भारत ने पाकिस्तान के टीम के खिलाड़ी या उनके सपोर्ट स्टाफ किसी से हाथ नहीं मिलाया था, जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को काफी मिर्ची लगी थी। अब जब रविवार यानी 21 सितंबर को दोनों टीमें दुबई के स्टेडियम में आमने-सामने होंगी तो भारत एक बार फिर इतिहास दोहराने की कोशिश करेगा। भारत सुपर 4 का अपना पहला मैच पाकिस्तान से खेलने वाला है।

Share This Article
Leave a Comment