Assam Election : असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग के लिए जेएमएम की वार्ता विफल हो गई. जिसके बाद जेएमएम ने 21 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है. नामांकन करने के अंतिम दिन 23 मार्च को झामुमो ने असम की 21 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा सुबह ही कर दी थी. जिसके बाद झामुमो ने विधानसभा वार उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर दिए हैं.
गुवाहाटी में मौजूद झामुमो के केंद्रीय महासचिव (संगठन) विनोद पांडेय ने इसकी जानकारी फोन पर ईटीवी भारत को दी. उन्होंने कहा कि झामुमो इस बार पूरी गंभीरता से असम विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहा है. वहीं, रांची में पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता ने असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर बात नहीं बनने पर कहा कि पार्टी के लिए मान-सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं है.

जेएमएम केंद्रीय महासचिव ने जारी की लिस्ट
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव (संगठन) विनोद पांडेय द्वारा सभी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है. जारी लिस्ट को लेकर जेएमएम केंद्रीय महासचिव ने कहा कि हम पहले भी असम में इक्का दुक्का स्थान पर चुनाव लड़ते रहे हैं. लेकिन इस बार फिरकापरस्त ताकतों को शिकस्त देने और असम के लोगों की आकांक्षाओं को पूरी करने के लिए कृतसंकल्पित होकर चुनाव लड़ रहे हैं.
