- बाबा मंदिर में की पूजा और भगवान शिव से मांगी आशीर्वाद
- बासुकीनाथ की महिमा सुनी तो फौजदारी दरबार में भी लगाई हाजिरी
Baba Baidyanath : फिल्म अभिनेत्री एवं हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद कंगना रनौत सोमवार को देवघर पहुंची। उन्होंने प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव से आशीर्वाद मांगी। कंगना रनौत ने बाबा बैद्यनाथ के समक्ष देश,समाज की खुशहाली के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत सुख-समृद्धि की कामना की।

बैद्यनाथ धाम देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है और इसे भगवान शिव का सबसे पवित्र स्थान माना जाता है। कंगना रनौत ने भगवान शिव की पूजा करते समय पूजा की सभी आवश्यक रस्मों का पालन किया। देवघर बाबा मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के बाद कंगना रनौत ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम आकर उन्हें विशेष आत्मिक शांति की अनुभूति होती है।

उन्होंने कहा कि वे हमेशा भगवान शिव से देश के कल्याण,समाज में शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना करती हैं। बाबाधाम की आध्यात्मिक ऊर्जा उन्हें सकारात्मक सोच और नई शक्ति प्रदान करती है।

पूजा के बाद वह प्रसन्न और भावविभोर नजर आईं। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद पाकर वह स्वयं को धन्य महसूस कर रही हैं और पूजा बहुत ही शांतिपूर्ण एवं सुंदर तरीके से संपन्न हुई।
पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर के पुरोहितों ने उन्हें शाल ओढ़ाकर बाबा भोलेनाथ की तस्वीर भेंट की। उनके दर्शन की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग कंगना रनौत की एक झलक पाने, फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित दिखे।
कंगना ने अपने इंस्टाग्राम पर इसकी तस्वीरें शेयर की हैं जिसमें उन्होंने लिखा, ‘आज वैद्यनाथ और वासुकी धाम के दर्शन किए। ये मेरा 9वां ज्योतिर्लिंग दर्शन है और अभी 3 बाकी हैं। दिसंबर खत्म हो इससे पहले मैं सभी 12 ज्योतिर्लिंग करना चाहती हूं।’ कंगना की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और फैन्स भी उनकी भक्ति की सराहना कर रहे हैं।

बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के साथ ही कंगना रनौत ने बासुकीनाथ धाम पहुंचकर फौजदारी दरबार में भी हाजिरी लगाई। बासुकीनाथ मंदिर में उन्होंने बाबा फौजदारीनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की।

मंदिर के पुरोहितों-सारंग बाबा, मुकेश झा, निशिकांत पांडेय सहित अन्य ने भोलेनाथ, माता पार्वती, माता काली, शत्रु संहारिणी बगलामुखी माता एवं दस महाविद्याओं की पूजा कराकर वैदिक आरती संपन्न कराई।
इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पूजा के दौरान कंगना रनौत ने देश में शांति, समृद्धि और आने वाले नए वर्ष में सभी देशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पूजा के बाद वह बासुकीनाथ स्थित वन विभाग के गेस्ट हाउस में क्षणिक विश्राम कर अपने परिवार और समर्थकों के साथ गंतव्य के लिए रवाना हो गईं।
