Ben Stokes : लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में इंग्लैंड ने भारत को 22 रनों से मात दी। पांचवें दिन के आखिरी सेशन तक चले इस मुकाबले में इंग्लैंड ने अंत में बाजी मारी। इस मैच में भारत का आखिरी विकेट मोहम्मद सिराज के रूप में गिरा। जिस तरह से इस मैच में सिराज आउट हुए, उसे देखकर करोड़ों फैंस का आज दिल टूटा होगा। लेकिन मैच जीतने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और उनके प्लेयर्स ने कुछ ऐसा किया जिसके लिए हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है।
बेन स्टोक्स ने मोहम्मद सिराज को लगाया गले
शोएब बशीर ने इंग्लैंड के लिए आखिरी विकेट लिया। उन्होंने मोहम्मद सिराज को बोल्ड किया। वह गेंद पहले सिराज के बल्ले से लगी और फिर स्टम्प्स से जा टकराई। उनका विकेट मिलने के बाद इंग्लैंड की टीम मैदान में जश्न मनाने लगी। वहीं रवींद्र जडेजा नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े होकर सब कुछ देख रहे थे, वहीं सिराज को अपने आउट होने के तरीके पर यकीन नहीं हो रहा था और वह काफी मायूस थे। लेकिन इस बीच इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स पहलेरवींद्र जडेजा और फिर मोहम्मद सिराज के पास गए और दोनों को गले लगाया। बेन स्टोक्स के अलावा इंग्लैंड के बाकी खिलाड़ियों ने भी सिराज और जडेजा को दिलासा दिया। इंग्लैंड के कप्तान और खिलाड़ियों का ये जेस्चर फैंस को काफी पसंद आ रहा है। इस पूरे मामले का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
लॉर्ड्स टेस्ट मैच का हाल
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मैच की बात करें तो वहां इंग्लैंड ने टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 193 रनों का टारगेट रखा था। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट लेकर इंग्लैंड को जीत दिलाई। भारत ने इस मैच को जीतने के लिए अंत तक कोशिश की, लेकिन वहां आखिरी में उन्हें हार ही मिली। इस जीत के साथ, इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को भारत ने 336 रनों से मात दी थी।
