Bihar Election : बिहार विधानसभा 2025 के चुनाव ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस बार रिकॉर्ड मतदान हुआ. बिहार के चुनावी इतिहास में इस साल की वोटिंग अब तक की सर्वाधिक वोटिंग पर्सेंटेज (66.91) है. इससे पहले 2000 में 62.57 फीसदी वोटिंग हुई थी. बिहार में इस बार ओवरऑल 66.91 मतदान हुआ. छह नवंबर को पहले चरण की वोटिंग में 65.08 फीसदी मतदान हुआ था जबकि दूसरे चरण में 68.76 फीसदी वोटिंग हुई. पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग हुई जबकि दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान हुआ.

पहले चरण में कुल 1314 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे जबकि दूसरे फेज में 1302 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे. मतलब कुल 2616 उम्मीदवारों का फैसला 14 नवंबर को होगा. ऐसे में जानिए 1951 से अब तक हुए सभी चुनावों में कब कितना वोटिंग परसेंटेज रहा. इस बार महिलाओं ने जमकर मतदान किया. 2025 के विधानसभा चुनाव में 71.6 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
2025 के चुनाव का आंकड़ा
पहला फेज
- महिला वोटिंग प्रतिशत- 69.04 (1,76,77,219 मतदाता )
- पुरुष वोटिंग प्रतिशत- 61.56 (1,98,35,325 मतदाता)
- कुल वोटिंग प्रतिशत- 65.08 (3,75,13,302 मतदाता)
दूसरा फेज
- महिला वोटिंग प्रतिशत- 74.03 (1,74,68,572 मतदाता)
- पुरुष वोटिंग प्रतिशत- 64.1 (1,95,44,041 मतदाता)
- कुल वोटिंग प्रतिशत- 68.76 (3,70,13,556 मतदाता)
ओवरऑल 66.91 फीसदी वोटिंग
- कुल 7,45,26,858 मतदाता ने वोट किया
- कुल महिला वोटर- 3,51,45,791
- कुल पुरुष वोटर-3,93,79,366
इन जिलों में 70% से अधिक रहा मतदान
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, जिन जिलों में मतदान प्रतिशत 70 से अधिक रहा, उनमें कटिहार (78.39), किशनगंज (77.91), पूर्णिया (75.87) और पश्चिम चंपारण (70.75) शामिल हैं. इसके अलावा जमुई में 69.63 प्रतिशत, अररिया में 69.54 प्रतिशत और गया में 68.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
पहले चरण में तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, तेज प्रताप यादव, मैथिली ठाकुर और अनंत सिंह जैसे दिग्गज नेताओं और मौजूदा सरकार के 16 मंत्री मैदान में थे. वहीं, दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान सबकी नजरें गया टाउन, बेतिया, चैनपुर, चकाई, अमरपुर, छातापुर और जमुई जैसी प्रमुख सीटों टिकी थीं, जहां प्रेम कुमार, रेणु देवी, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, नीरज कुमार सिंह बबलू और श्रेयसी सिंह जैसे कई कद्दावर मंत्री और मौजूदा विधायक अपनी किस्मत आजमा रहे थे. 14 नवंबर को सबके भाग्य का फैसला होना है.
