Bihar Election : हरि “अनंत” हरि कथा अनंता

Bindash Bol

Bihar Election : लोकतंत्र में असली बाहुबली जनता है। इसलिए जिसने जनता का दिल जीत लिया वह हर परिस्थिति में चुनाव जीत सकता है। मोकामा से लगातार छठी बार जीते अनंत कुमार सिंह के मौजूदा बाहुबल की असली ताकत यही है।

यह ताज्जुब का नहीं बल्कि मोकामा में सक्रिय राजनीतिक दलों और नेताओं के लिए आत्मवलोकन का विषय है। जो अनंत वर्ष 2005 में मात्र 1769 वोट से चुनाव जीतते हैं वे 2020 में 35 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से विजेता बनते हैं और 2025 में भी अपनी जीत बरकरार रखते हैं। यह जीत अनंत ने बंदूक की नोक पर हासिल नहीं की है बल्कि जनता से जुड़ाव बनाकर यहां तक पहुंचे हैं। चूकि पिछले 20 साल में जनता से ऐसा जुड़ाव कोई अन्य नेता नहीं बना पाए इसलिए लगातार तीसरी बार जेल में रहकर भी अनंत सिंह जीते हैं।

सोचिये टाल का दूरदराज का गांव हो या सड़क किनारे के गांव हर जगह के लोगों को यह विश्वास है कि विधायक जी के यहाँ जाएंगे तो काम होगा। भले काम होने की सच्चाई जो हो लेकिन अपने निर्वाचित प्रतिनिधि पर अगर लोग ऐसा भरोसा करते हैं तो यही उसकी ताकत है। इसी ताकत के कारण वह लगातार पांचवी बार चुनाव जीतते हैं। अंगूठा छाप होकर भी आपको ठेंगा दिखा कर अपना जनाधार मजबूत करते हैं और प्रतिद्वंद्वी चुनाव के कुछ महीने पहले खुद की जमीन बनाने में जुटते हैं। ऐसे कैसे चलेगा?

जरा अनंत सिंह के कॉन्फिडेंस का लेवल देखिए… उनके पटना स्थित सरकारी आवास पर चुनाव परिणाम आने से पहले ही जश्न के विशेष इंतजाम कर दिए गए। चुनाव के नतीजे घोषित होने से पहले ही उम्मीदवारों ने जश्न की तैयारी कर ली है। मोकामा के पूर्व विधायक एवं जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रत्याशी बाहुबली अनंत सिंह के पटना स्थित सरकारी आवास पर टेंट लग गए हैं। यहां जीत का जश्न मनाने के लिए 2 लाख रसगुल्ले तैयार करवा लिए गए हैं। चुनाव नतीजे पक्ष में आने पर अनंत सिंह के आवास पर 20 हजार लोगों को पूड़ी, सब्जी और मिठाई का भोज खिलाने की भी तैयारी की गई है।

ऐसे भी लोकतंत्र में जनता मालिक है। जनता का निर्णय शिरोधार्य होता है। तो विधायक अनंत कुमार सिंह जी को ऐतिहासिक जीत की बधाई और प्रतिद्वंद्वी सबको मुफ्त का सुझाव है कि अपने प्रति जनता में भरोसा जगाइए तभी अनंत को टक्कर दे पाएंगे।

खैर अनंत जी फिर विधायक निर्वाचित हुए हैं तो जनता के नाते उनको भी सुझाव है। मोकामा क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने का प्रयास आप कराएं। आप सबल और सक्षम दोनों हैं, छह बार के निर्वाचित भी तो जनता के दुख दर्द को दूर करने की कोशिश कीजिये। आपके टाल के किसानों की बदहाली किसी से छिपी नहीं है तो उन्हें ब्लॉक में रसीद कटाने से सब्सिडी मिलने में व्यापक भ्रष्टाचार को दूर कराने का प्रयास कीजिये। मोकामा को संवारिये। रोजगार के साधन उन्नत कराइये। कुछ न हो तो कभी किसानों के साथ बैठ जाइए धरना पर। आपका बाहुबल जनता की दैनिक परेशानी को दूर करे यही अपेक्षा है। पुनः जीत की बधाई।

Share This Article
Leave a Comment