जलेश कुमार
Chatra : चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के गेंद्रा में रविवार देर रात आपसी विवाद के दौरान हुई फायरिंग में प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के पूर्व टॉप कमांडर देवेंद्र गंझू एवं उसके साथी चुरामन गंझू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्याम भोक्ता और उसका साला गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात देवेंद्र गंझू अपने साथियों के साथ गेंद्रा स्थित श्याम भोक्ता के घर पहुंचा, जहां किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर घर के भीतर ही फायरिंग हो गई, जिसमें देवेंद्र गंझू और उसके साथी चुरामन गंझू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम भोक्ता एवं गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों घायल को पहले प्रतापपुर और फिर डाल्टनगंज भेजा गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। वहीं घायल गोपाल भोक्ता को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भी प्राथमिक उपचार दिया गया। मृतक देवेंद्र गंझू टीएसपीसी का पूर्व टॉप कमांडर रह चुका था और उसके खिलाफ झारखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 36 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर, श्याम भोक्ता भी पहले टीएसपीसी से जुड़ा रहा है तथा उस पर दर्ज एक मामले की जांच एनआईए द्वारा की जा रही है। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। ग्रामीणों के अनुसार, बीते दिनों पलामू जिले के पांकी इलाके में टीएसपीसी के हथियार फैक्ट्री मामले का खुलासा हुआ था, जिसकी जांच एनआईए कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि अफीम के पैसे और पूर्व में ली गई लेवी की रकम के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था, जो फायरिंग की वजह बना। घटना की सूचना पर कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, इंस्पेक्टर सनोज कुमार चौधरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं और तफ्तीश जारी है। सुरक्षा दृष्टि से पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
