Delhi Rains: दिल्‍ली-एनसीआर में जबरदस्‍त बारिश, थमी वाहनों की रफ्तार, कई जगह घुटनों तक पानी

Bindash Bol

Delhi Rains: -एनसीआर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद सहित एनसीआर के अन्य इलाकों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली. पहले आंधी और उसके बाद गरज के साथ जबरदस्‍त बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण मौसम ठंडा हो गया. साथ ही ठंडी हवाओं ने दिल्‍ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत दी है. हालांकि आंधी के कारण लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी है तो बादलों की गड़गड़ाहट से वाहनों के साइरन बज उठे और लोग सहम गए. सुबह कई जगहों पर घुटनों तक पानी भरा नजर आया तो वाहन भी इस पानी में रेंगते नजर आए. मौसम विभाग ने पहले ही मौसम में बदलाव को लेकर चेता दिया था.

दिल्‍ली-एनसीआर के इलाके में लोगों को शनिवार को भीषण गर्मी से जूझना पड़ा. हालांकि रात को जबरदस्‍त बारिश ने लोगों को राहत दी है. गरज के साथ कई जगहों पर बारिश हुई है. इसके कारण जगह-जगह पानी भर गया है. दिल्‍ली के बेहद व्‍यस्‍त धौला कुआं इलाके में जलभराव के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई.

बारिश से थम गई वाहनों की रफ्तार

रात में बारिश होने के कारण ट्रैफिक जाम की ज्‍यादा दिक्‍कत पैदा नहीं हुई, लेकिन सुबह कई जगहों पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण वाहनों को रेंगते देखा गया.

पानी से भरी सड़कों से कई वाहन बहुत धीमे-धीमे गुजरते देखे गए. इस इस दौरान पैदल सड़कों को पार करने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा. दिल्‍ली के मिंटो रोड पर जलभराव इतना है कि सड़क पर जहां तक नजर जाती है, वहां पर सिर्फ पानी ही पानी नजर आता है.

दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित

भारी बारिश और हवाओं के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार को उड़ानों का परिचालन बाधित रहा. इंदिरा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआईए) देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है. एक्स पर सुबह 3.59 बजे पोस्ट में इंडिगो ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम की वजह से उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से बाधित हुआ है. एयरलाइन ने कहा, “हालांकि मौसम धीरे-धीरे ठीक हो रहा है, लेकिन हवाई क्षेत्र में भीड़भाड़ बनी हुई है. हम आपको आश्वस्त करते हैं कि परिस्थितियों के अनुसार उड़ानों का परिचालन धीरे-धीरे शुरू हो रहा है.” सुबह 5.54 बजे एक अन्य पोस्ट में कहा कि दिल्ली में आसमान साफ ​​होने के कारण उड़ानों का परिचालन सामान्य हो गया है.

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24.कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर कई उड़ानों में देरी हुई और कुछ को रद्द कर दिया गया. औसतन उड़ानों में 30 मिनट से अधिक की देरी हुई.

कई इलाकों में जलभराव की स्थिति

दिल्‍ली एयरपोर्ट टर्मिनल 1 के पास सड़क पर पानी भरा नजर आया. इस दौरान यहां आने वाले वाहनों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा.

दिल्‍ली के मोती बाग इलाके में भारी बारिश के बााद जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और वाहन सड़क पर भरे पानी में से रेंगते हुए निकलते नजर आए.

बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट

हालांकि बिजली चमकने और बादलों की गड़गड़ाहट से चैन की नींद में सो रहे बहुत से लोग जाग गए. बादलों की गड़गड़ाहट इतनी तेज थी कि कई वाहनों के साइरन बजने लगे.

नोएडा में जगह-जगह भरा पानी
नोएडा में जबरदस्‍त बारिश देखने को मिली. देखते ही देखते जगह-जगह पर पानी ही पानी नजर आया. मूसलाधार बारिश के कारण स्‍थानीय कॉलोनियों और सड़कों पर पानी ही पानी नजर आया. तेज हवाओं के साथ यहां पर जमकर बारिश हुई है.

इसके साथ ही हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश हुई है. हरियाणा के झज्‍जर में बारिश का एक वीडियो सामने आया है.

मौसम विभाग ने जारी किया था रेड अलर्ट

इससे पहलीे, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली सहित उसके आस-पास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था और अपने पूर्वानुमान में 60 से 100 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की हवा चलने का अनुमान जताया था.

महाराष्‍ट्र से राजस्‍थान तक बदला मौसम

इसके साथ ही देश के अन्‍य इलाकों में भी मौसम में परिवर्तन दर्ज किया गया है. जहां पर मुंबई में भी एक बार‍ फिर बारिश दर्ज की गई है.

वहीं पर राजस्‍थान के कुछ इलाकों में भी तेज रफ्तार हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया. खाजूवाला में तेज हवाओं के कारण बिजली के कई खंभे उखड़ गए. इसका विद्युत आपूर्ति पर भी असर पड़ा है. साथ ही कई दुकानों और मकानों में टीन के शेड उड़ गए.

Share This Article
Leave a Comment