EAST TECH SYMPOSIUM 2025 : 19 से 21 सितंबर तक रांची के खेलगांव में ईस्टर्न टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव आयोजित हो रहा है. यह आयोजन भारतीय सेना के पूर्वी कमान मुख्यालय और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के सहयोग से कराया जा रहा है.
कॉन्क्लेव में भाग लेने के लिए देश की तीनों सेनाओं के अध्यक्ष सीडीएस अनिल चौहान गुरूवार को रांची पहुंचे. रांची एयरपोर्ट पर वेटरन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ झारखंड के भूतपूर्व सैनिकों ने उनका स्वागत किया. उनके आगमन पर भारत माता की जयघोष के बीच तीनों सेना के अध्यक्ष का लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया.
इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन के प्रवक्ता संजय सिंह ने बताया कि सीडीएस अनिल चौहान तीन दिवसीय दौरे पर हैं, उनके स्वागत के लिए झारखंड के 41 हजार पूर्व सैनिक तत्पर हैं.
झारखंड में पहली बार आयोजित होगा ईस्ट टेक
झारखंड में पहली बार आयोजित हो रहे इस तीन दिवसीय ईस्ट टेक में स्पेस टेक्नोलॉजी, एआई, साइबर सिक्युरिटी, रोबोटिक्स जैसे विषयों पर विस्तार से विशेषज्ञ अपनी राय रखेंगे. उदघाटन के मौके पर केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उपस्थित होने की संभावना है हालांकि इसे लेकर अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है.
क्षेत्रीय औद्योगिक भागीदारी को बढ़ावा
बता दें कि भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और क्षेत्रीय औद्योगिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2022 में पहला ईस्ट टेक गुवाहाटी में आयोजित किया गया था. उसके बाद 2023 में शिलांग और 2024 में कोलकाता में आयोजित किया गया. रांची के खेलगांव स्थित विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम में आयोजित होने वाले ईस्ट टेक 2025 में 200 से अधिक रक्षा और प्रौद्योगिकी से जुड़े विक्रेता भाग लेंगे, जिसमें 50 से अधिक एमएसएमई और स्टार्टअप्स शामिल होंगे.
सेना से जुड़ी विभिन्न सामानों की लगाई जाएगी प्रदर्शनी
इसके अलावा डीआरडीओ और प्रमुख निजी उद्योग भाग लेंगे. इस कार्यक्रम में सेना के उपकरणों का लाइव प्रदर्शन, टेक्नोलॉजी और सेना से जुड़े विभिन्न सामानों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो देश के सैन्य शक्ति को प्रदर्शित करेगी.
