Hockey player Vimal Lakra : पूर्व इंटरनेशनल हॉकी प्लेयर बिमल लाकड़ा गिरकर हुए बेहोश, रांची के हॉस्पिटल में भर्ती

Bindash Bol

Hockey player Vimal Lakra : पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लाकड़ा सोमवार को खेत मे बेहोश पाए गए। उन्हें इलाज के लिए रांची के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बिमल का पैतृक गांव सिमडेगा के टैंसर में है और वह इन दिनों अपने गांव आए हुए थे। हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष और सिमडेगा हॉकी के अध्य्क्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि वे गांव में अपने खेत गए हुए थे जहां वह बेहोश हो गए थे।

एशियाई खेलों (2022) में रजत पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम के सदस्य बिमल लाकड़ा को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद मंगलवार को रांची के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
भारत के पूर्व मिडफील्डर लाकड़ा सोमवार को सिमडेगा उपखंड में अपने गांव में खेत में काम करते समय गिरने के बाद बेहोश हो गए थे।
इस 45 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी को सिमडेगा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने बताया कि ‘‘वह अब स्थिर हैं।
झारखंड के खेल मंत्री ने आज उनसे मुलाकात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। हॉकी इंडिया में हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’
सिंह ने इससे पहले ‘एक्स’ पर लिखा था कि ‘‘ पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लाकड़ा को गंभीर चोट के कारण बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी प्रकार के इलाज के निर्देश दिए हैं और झारखंड के खेल मंत्री ने बिमल लाकड़ा से मिलने के लिए अस्पताल का दौरा कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।’’
लाकड़ा 2003 और 2007 में एशिया कप की स्वर्ण पदक विजेता टीमों के भी सदस्य थे। उनके भाई-बहन वीरेंद्र लकड़ा सीनियर और असुंता ने भी क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। पूर्व भारतीय खिलाड़ी विरेन रसकिन्हा ने भी ‘एक्स’ पर लिखा था कि उनके दोस्त और टीम के पूर्व साथी ‘गंभीर स्थिति’ में अस्पताल में भर्ती हैं। रसकिन्हा ने लिखा, ‘‘उम्मीद है कि सरकार अब उनका ख्याल रखेगी। फिलहाल उनके पास कोई नौकरी नहीं है।’’

Share This Article
Leave a Comment