India Defense : भारत की रक्षा शक्ति को बड़ा बूस्ट, ₹2.38 लाख करोड़ के सैन्य प्रस्ताव मंजूर

Bindash Bol

* एयर डिफेंस, S-400, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और आधुनिक हथियारों से सेना होगी और मजबूत

India Defense : भारत ने अपनी सैन्य ताकत को और मजबूती देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की बैठक में करीब 2.38 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को आवश्यकता की स्वीकृति (AoN) दी गई है. इसमें भारतीय सेना के लिए एयर डिफेंस ट्रैक्ड सिस्टम, टैंक को तबाह करने वाला गोला-बारूद, हाई कैपेसिटी रेडियो रिले, धनुष गन सिस्टम और रनवे से निगरानी सिस्टम को मंजूरी मिली है.

एयर डिफेंस सिस्टम से हवाई खतरों पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी. हाई कैपेसिटी रेडियो रिले से मजबूत और भरोसेमंद कम्युनिकेशन में मदद मिलेगी. धनुष गन से लंबी दूरी तक दुश्मन पर सटीक हमला होगा. सर्विलांस सिस्टम से सेना को सर्विलांस में मदद मिलेगी. इतना ही नहीं टैंक भेदी गोला-बारूद से दुश्मन के टैंकों को ज्यादा प्रभावी तरीके से नष्ट किया जा सकेगा.

AN-32 और IL-76 की जगह लेंगे नए ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट

भारतीय वायु सेना के लिए मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, S-400 मिसाइल सिस्टम, रिमोट से चलने वाले स्ट्राइक विमान और Su-30 इंजन के ओवरहॉल को मंजूरी दी गई है. नए ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट पुराने AN-32 और IL-76 की जगह लेंगे, जिससे एयर ट्रांसपोर्ट क्षमता बेहतर होगी. S-400 सिस्टम लंबी दूरी के हवाई खतरों से सुरक्षा देगा. रिमोट स्ट्राइक विमान हमले और निगरानी दोनों काम करेंगे.

इंडियन कोस्ट गार्ड के लिए होवरक्राफ्ट खरीदने को मंजूरी

वहीं, Su-30 इंजन के ओवरहॉल से विमान ज्यादा समय तक काम कर पाएंगे. इंडियन कोस्ट गार्ड के लिए भारी एयर कुशन वाहन (होवरक्राफ्ट) खरीदने को मंजूरी मिली है. इनका इस्तेमाल तेज गश्त, बचाव कार्य, निगरानी और सामान व कर्मियों के परिवहन में होगा. वित्त वर्ष 2025-26 में DAC ने अब तक 6.73 लाख करोड़ रुपये के 55 प्रस्तावों को मंजूरी दी है. इसी साल 2.28 लाख करोड़ रुपये के 503 खरीद कॉन्ट्रैक्ट भी किए गए हैं, जो अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment