Jharkhand : झारखंड के साहेबगंज जिले के बरहरवा रेलवे क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ। बरहरवा हिल अपर साइड में पत्थर चिप्स से लदी एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। मालगाड़ी मालदा रेल मंडल के अधीन थी। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। गाड़ी पहाड़ी ढलान पर खड़ी थी और ढलान के कारण सरकने लगी। फिर वह बेकाबू होकर पलट गई।
बताया जा रहा है कि मालगाड़ी की कई बोगियां एक-दूसरे से टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोगियां पटरी से उतरकर बस्ती की ओर गिर गईं। टक्कर और बोगियों के गिरने की आवाज सुनकर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि बोगियां एक के बाद एक टकरा रही थीं और पत्थर चारों ओर बिखर गए थे।
गांव के लोग घटना देखकर डर गए। राहत की बात यह है कि बोगियां बस्ती की ओर गिरने के बावजूद किसी को चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में रेलवे को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। कई बोगियां पूरी तरह से टूट गई हैं और माल भी बिखर गया है।
बताया जा रहा है कि मालदा रेल मंडल के कोई बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्य जारी है। वहीं अधिकारियों को देर से पहुंचने से लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद रेलवे प्रशासन की देरी चिंता का विषय है। लोगों ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. लेकिन रेलवे को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
