Jharkhand : AK-47 राइफल लेकर पुलिस को खुली चुनौती देने वाला उत्तम यादव एनकाउंटर में ढेर, सिर पर था 50 हजार का इनाम

Bindash Bol

Jharkhand : हाथ में एके-47 राइफल लेकर वीडियो बनाने वाला कुख्यात अपराधी उत्तम यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। उत्तम पर बिहार सरकार ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सिमरिया थाना क्षेत्र के जबड़ा इलाके में पुलिस के साथ उत्तम यादव की मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया। एनकाउंटर में मारे गए अपराधी का शव पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उत्तम यादव को छाती, पेट और जांघ में गोली लगी थी। देर रात तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हुई। सूत्रों का कहना है कि इस कार्रवाई में हजारीबाग पुलिस भी शामिल रही और घटना सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा मार्ग पर घटी।

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम सड़क पर डेरा डाले हुए थी, तभी आरोपी ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने कहा, “मुठभेड़ हुई और यादव को ढेर कर दिया गया। आरोपी के पास से हथियार और बाइक बरामद की गई।” एसपी ने बताया कि यादव चतरा, हजारीबाग और बिहार के विभिन्न शहरों में कई आपराधिक मामलों में वांछित था। उन्होंने कहा, “दरअसल, बिहार सरकार ने इस अपराधी पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।”

टाइगर ग्रुप का करता था संचालन

उत्तम यादव टाइगर ग्रुप नामक गिरोह का सरगना था। उस पर चतरा-हजारीबाग समेत झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज थे। करीब दो माह पहले उत्तम यादव ने हाथ में AK-47 लहराते हुए वीडियो जारी किया था। इसमें उसने चतरा और हजारीबाग के व्यवसायियों को रंगदारी व लेवी देने की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही कहा था कि उससे संपर्क किए बिना कोई भी व्यवसाय नहीं कर पाएगा। बीते माह हजारीबाग शहर में स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पर गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी भी उत्तम यादव ने ली थी। इस वारदात के बाद से ही वह पुलिस के रडार पर था।

चतरा के सुरही मोहल्ले में रहता था उत्तम यादव

चतरा पुलिस ने एनकाउंटर की पुष्टि तो की है, लेकिन कई अधिकारी इस पर खुलकर बोलने से बच रहे है। फिलहाल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति और आवश्यक अनुमति के बाद ही पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी होगी। गौरतलब है कि चतरा शहर के सुरही मोहल्ले का रहने वाला उत्तम यादव लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दे रहा था। अंततः उसकी चुनौती एनकाउंटर में खत्म हो गई।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment