Jharkhand Politics : कांग्रेस में अंदरूनी घमासान! योगेंद्र साव का बड़ा हमला

Bindash Bol

* निष्कासन पर भड़के साव बोले – पार्टी में ही हैं “किलर”, बिना नोटिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

Jharkhand Politics : झारखंड की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब योगेंद्र साव को कांग्रेस ने तीन वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया। कार्रवाई के बाद साव ने पार्टी नेतृत्व पर ही गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उन्हें बिना शो-कॉज नोटिस के बाहर का रास्ता दिखाया गया, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
साव ने अपने संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे विस्थापन के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे, तब पार्टी के कई नेता गायब थे। लेकिन आज जब प्रशासन ने नियमों को दरकिनार कर उनके घर और फैक्ट्री पर कार्रवाई की और उन्होंने आवाज उठाई, तो उन्हें ही सजा दे दी गई। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी भी कांग्रेस विरोधी काम नहीं किया, फिर भी उन्हें टारगेट किया गया।
कांग्रेस के भीतर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए साव ने कहा कि राज्य में पार्टी को मजबूत नहीं होने देने के लिए “भीतरघाती” सक्रिय हैं। उन्होंने राजीव गांधी की विचारधारा से जुड़ने की बात याद दिलाते हुए कहा कि आज भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनके आदर्श हैं, लेकिन राज्य इकाई के हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने बड़ा सवाल उठाया—क्या कांग्रेस सरकार चला रही है या सरकार के इशारे पर कांग्रेस चल रही है?
वहीं, कांग्रेस नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पार्टी का हर फैसला संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत लिया जाता है और किसी दबाव में नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि साव लगातार महागठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साध रहे थे, जिससे अनुशासनात्मक कार्रवाई जरूरी हो गई।
इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से भी प्रतिक्रिया आई। पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री हैं, कोई न्यायाधीश नहीं। कोर्ट के फैसलों का पालन प्रशासन करता है, और अगर किसी को आपत्ति है तो उसे ऊपरी अदालत में जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि साव के व्यवहार और उनकी “उदंडता” ही उनके खिलाफ कार्रवाई की बड़ी वजह बनी।
कुल मिलाकर, योगेंद्र साव के निष्कासन ने झारखंड कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को उजागर कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में सियासी तापमान और बढ़ने के संकेत मिल रहे।

Share This Article
Leave a Comment