Jharkhand Weather: झारखंड में ओलावृष्टि और तेज आंधी की चेतावनी, 14 अप्रैल तक येलो और ऑरेंज अलर्ट

Sushmita Mukherjee

Jharkhand Weather: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार झारखंड में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के कई हिस्सों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज आंधी की चेतावनी जारी की और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज के साथ बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में भी बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राज्य के तीन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। आनंद ने बताया कि मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह है, जो झारखंड के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो रहा है।

14 अप्रैल तक के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में 14 अप्रैल तक बारिश के साथ ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 10 और 11 अप्रैल को उत्तर पूर्वी और पश्चिमी भागों में बारिश-ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 12 से 14 अप्रैल तक दक्षिणी-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भागों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment