JTET2026 : 10 साल बाद फिर होगी JTET परीक्षा, शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका

Bindash Bol

JTET2026 : झारखंड में 10 साल के लंबे इंतजार के बाद JTET 2026 (शिक्षक पात्रता परीक्षा) का आयोजन होने जा रहा है, जो अभ्यर्थियों के लिए एक सुनहरा मौका है. नई नियमावली के तहत आवेदन 21 अप्रैल से शुरू होकर 21 मई तक चलेंगे, और अधिकतम आयु में 9 साल तक की छूट का प्रावधान किया गया है.

खास बात ये है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले आवेदन किया था, उन्हें दोबारा फॉर्म भरना होगा. हालांकि उन्हें परीक्षा शुल्क नहीं देना पड़ेगा. परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी. पहली से पांचवीं तक के लिए मैट्रिक स्तर के प्रश्न पूछे जाएंगे. वहीं छठी से आठवीं तक के लिए इंटरमीडिएट स्तर के सवाल होंगे. जैक ने इसका सिलेबस भी जारी कर दिया है. इससे छात्रों को तैयारी में मदद मिलेगी.

आयु सीमा को लेकर बड़ा फैसला

इस बार आयु सीमा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र में 9 साल की छूट दी गई है. यह छूट एक बार के लिए दी जा रही है. क्योंकि पिछली बार यह परीक्षा साल 2016 में हुई थी. लंबे अंतराल को देखते हुए सरकार ने यह राहत दी है. न्यूनतम उम्र सीमा 21 साल तय की गई है. यह उम्र 1 अगस्त 2026 के आधार पर मानी जाएगी. इससे अधिक संख्या में उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे.

कितने होंगे पासिंग मार्क्स?

परीक्षा पास करने के लिए भी अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम अंक तय किए गए हैं. सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 60 प्रतिशत अंक लाने होंगे. पिछड़ा वर्ग एक और दो के लिए 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं. वहीं अनुसूचित जाति, जनजाति, विशेष कमजोर जनजातीय समूह और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 52 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं. इस नियम से सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है.

भाषा को लेकर भी खास व्यवस्था

जेटेट 2026 में भाषा को लेकर भी खास व्यवस्था की गई है. झारखंड के अलग-अलग जिलों के लिए जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं की सूची तय की गई है. जैसे रांची, गुमला और लोहरदगा में कुड़ुख, मुंडारी और नागपुरी भाषा शामिल की गई है. पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम में संथाली, हो, मुंडारी और उड़िया जैसी भाषाएं रखी गई हैं. दुमका, जामताड़ा और साहेबगंज में संथाली के साथ खोरठा और बंगला भाषा को शामिल किया गया है. इससे स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा मिलेगा.

कुल मिलाकर जेटेट 2026 कई नए बदलावों के साथ आ रहा है. लंबे समय बाद परीक्षा होने से उम्मीदवारों में उत्साह है. आयु में छूट और साफ नियमों से ज्यादा लोगों को मौका मिलेगा. जो अभ्यर्थी शिक्षक बनना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है. अब जरूरत है सही तैयारी और समय पर आवेदन करने की. जो मेहनत करेगा, वही इस परीक्षा में सफल हो सकेगा.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment