Kavya Goshthi : संजीव वर्मा ‘सलिल’ के स्वागत में सजी काव्य गोष्ठी, कविताओं से गूंजा शांति इन्क्लेव

Bindash Bol

Kavya Goshthi : रांची के मोरहाबादी स्थित कुसुम विहार के शांति इन्क्लेव में सोमवार को वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ के स्वागत में एक लघु काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कवियों और साहित्यकारों ने जीवन, प्रकृति, समाज और राष्ट्र से जुड़े विविध विषयों पर अपनी रचनाओं का भावपूर्ण पाठ कर साहित्यिक वातावरण को जीवंत बना दिया।

गोष्ठी की अध्यक्षता जबलपुर से पधारे आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ने की। उल्लेखनीय है कि वे हिंदी साहित्य की महान कवयित्री महादेवी वर्मा के भतीजे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ ग़ज़लकार हिमकर श्याम के प्रभावशाली ग़ज़ल पाठ से हुआ। उनकी संवेदनशील प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने प्रकृति विषयक दोहों की भी सुंदर प्रस्तुति दी।
अध्यक्ष आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ने सॉनेट, हाइकु, गीत, नवगीत तथा लघुकथाओं के माध्यम से अपनी बहुआयामी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया। वरिष्ठ कवि निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव ने ‘मैं शब्द हूँ’ और ‘कविता’ शीर्षक रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की।

श्री साहित्य कुंज की संस्थापिका एवं कवयित्री मनीषा सहाय ने लावणी छंद में अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं, जबकि कवयित्री नीता शेखर ने नारी विमर्श पर आधारित प्रभावशाली कविता सुनाकर उपस्थित जनों को प्रभावित किया।

समापन सत्र में आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ने छंद और सॉनेट की परंपरा पर अपने विचार रखते हुए साहित्यिक विधाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। गोष्ठी का समापन साहित्यिक संवाद, काव्य चर्चा और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

इस अवसर पर सरोज श्रीवास्तव, संजय वर्मा, मधुकर श्याम, डॉ. इरा, शक्ति, असीम शौर्य, नीतू नायक सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment