- झारखंड के कोडरमा जिले में एक नाबालिग बलात्कार पीड़िता की ईलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद सदमे में आई पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस बलात्कार के आरोपी छोटेलाल पांडेय की तलाश कर रही है।*
Koderma News : झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत चंदवारा थाना क्षेत्र में बलात्कार पीड़िता नाबालिग लड़की की ईलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के दो दिन बाद पीड़िता अपमान और सदमे में फंदे पर लटक गई थी। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर गंभीर हालत में ईलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया था, जहां आठ दिनों तक ईलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।
रेप पीड़िता ने कर ली आत्महत्या
बुधवार को मृतका का शव उसके गांव पहुंचा तो हर किसी की आंखें नम हो उठीं। पीड़िता इंटरमीडिएट की छात्रा थी। उसके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। उन्होंने 9 मई को चंदवारा थाने में बलात्कार की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी। बलात्कार का आरोपी छोटेलाल पांडेय नामक शख्स है, जो फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानिए, कैसे क्या हुआ
पीड़िता के पिता ने थाने में आवेदन देकर बताया है कि उनकी पुत्री 31 मई को सुबह 7 बजे अचानक गायब हो गई। उसकी तलाश की जाती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चला। 2 जून को रात 8 बजे वह एक पुल के पास बेसुध हालत में मिली। दूसरे दिन उसने अपनी चाची को बताया कि छोटेलाल पांडेय पिता मृदुल पाण्डेय उसे बहला-फुसलाकर पुल की ओर ले गया। उसने जान मारने की धमकी देकर बलात्कार किया और इसके बाद उसे पुल के पास छोड़कर भाग गया।
आरोपी के डर से नहीं किया पुलिस केस
परिजनों ने आरोपी के खौफ और लोकलाज के भय से पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी। 3 जून को पीड़िता अपने कमरे में फंदे से झूल गई। उसे परिजन फौरन फंदे से उतारकर कोडरमा सदर अस्पताल ले गए, जहां से उसे हजारीबाग स्थित मेडिकल कॉलेज और उसके बाद रिम्स, रांची रेफर किया गया।
अब आरोपी के लिए छापेमारी
10 जून की देर रात ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोडरमा के डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया कि बलात्कार की एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएगा। इधर घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों के बीच आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि ऐसे दरिंदों को जल्द से जल्द फांसी मिलनी चाहिए।