Mahakumbh 2025 : प्रयागराज महाकुंभ पर्व का आज 40वां दिन है और स्नानार्थियों की संख्या कम नहीं हो रही है। आज 1 करोड़ 28 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान किया। पिछले छह दिन से यानी 15 फरवरी से लगातार रोज सवा करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम स्नान कर रहे हैं।
महाकुंभ पूर्ण होने में अब महज 6 दिन शेष हैं और अब तक देश, विदेश के 58 करोड़ श्रद्धालु पवित्र गंगा, यमुना और त्रिवेणी संगम में स्नान कर चुके हैं। नीचे के चित्र में संगम तट पर आज उमड़ी स्नानार्थियों की भीड़।
65 करोड़ पार कर सकती है संख्या
श्रद्धालुओं के आने का यही क्रम रहा तो अनुमान है कि महाकुंभ में स्नानार्थियों की संख्या 65 करोड़ भी पार हो जाएगी। महाकुंभ का आखिरी स्नान पर्व महाशिवरात्रि 26 फरवरी को हैं। पिछले तीन दिन से सवा करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान को आ रहे हैं। मेले के बचे छह दिनों में शनिवार और रविवार का अवकाश शामिल है। बचे हुए दिनों में रोजाना सवा करोड़ से भी अधिक लोगों के स्नान करने की उम्मीद है।
स्नानार्थियों की संख्या 58 करोड़ पार लगातार छठे दिन एक करोड़ श्रद्धालु
महाकुंभ और संगम के प्रति श्रद्धा अब भी उफान पर है। हर पग संगम की ओर चले आ रहे हैं। वहीं, फाल्गुन महीने में भी लगातार छठे दिन त्रिवेणी तट पर पुण्य की डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ पार कर गई। वहीं, मेला प्रशासन का दावा है कि अब तक 58 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पतित पावनी गंगा में स्नान कर चुके हैं।
सेंट्रल और जिला जेल के 1450 कैदी आज करेंगे पवित्र स्नान
केंद्रीय कारागार नैनी और जिला जेल में बंद 1450 कैदी शुक्रवार को जेल में ही पवित्र स्नान करेंगे। दरअसल, संगम से गंगा जल लाया गया है। इसे जेल में बने एक कुंड में डाल दिया गया है। इससे ही बंदियों को स्नान कराया जाएगा। वरिष्ठ जेल अधीक्षक रंग बहादुर ने बताया कि शासन के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई है। पवित्र जल के आने की खबर से बंदियों में खुशी का माहौल है। केंद्रीय कारागार में लगभग 1735 बंदी सजा काट रहे हैं। लेकिन, इनमें से कई मुस्लिम धर्म से भी हैं। ऐसे में लगभग 1450 कैदियों को संगम तट के जल स्नान करवाने की योजना है। जेल अधीक्षक रंग बहादुर ने बताया कि कैदियों को स्नान कराने की व्यवस्था पूरे प्रदेश के जेलों में की गई है। साथ ही कई जेलों में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है।