Manmohan Singh Death : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार 26 दिसंबर, 2024 को अंतिम सांस ली। वे 92 वर्ष के थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद रात 8 बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती किया गया था, जहां रात 9.51 पर उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ.सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा।
डॉ.मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी
डॉ.मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। एम्स दिल्ली में डॉ.सिंह का गुरुवार को निधन हो गया था। यहां से उनके पार्थिव शरीर को उनके दिल्ली आवास पर ला गया था। शुक्रवार पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित सीनियर लीडर्स, सांसद, पूर्व मंत्री, मंत्री आदि वीवीआईपी उनके आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। अमेरिका से डॉ.सिंह की बेटियों के शुक्रवार रात तक पहुंचने के बाद अगले दिन उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। चूंकि, डॉ.सिंह देश के प्रधानमंत्री रहे हैं इसलिए उनके अंत्येष्टि का स्थल का निर्धारण पीएमओ करेगा।
हालांकि, शनिवार सुबह 8 बजे से उनकी अंतिम यात्रा प्रारंभ होगी। घर से उनके पार्थिव शरीर को करीब 8.00 बजे दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा। यहां करीब एक घंटा आम लोगों व कार्यकर्ताओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा। यहां कांग्रेस सेवा दल उनको सलामी देगी। इसके बाद फिर आखिरी सफर शुरू होगा।
चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी इस बार नहीं आयोजित करेगा राष्ट्रपति भवन
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रीय शोक के कारण राष्ट्रपति भवन में शनिवार को होने वाली चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी नहीं होगी। यह एक सैन्य परंपरा है। इसमें राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड का एक ग्रुप दूसरे ग्रुप से चार्ज लेता है। यह हर हफ्ते आयोजित की जाती है। पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में पूरे देश में सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा।
अपने काम के लिए याद किए जाएंगे डॉ.मनमोहन सिंह
सीनियर लीडर डॉ. करण सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर जताया है। डॉ. करण सिंह ने कहा: मनमोहन सिंह बहुत ही सम्मानजनक और विनम्र व्यक्ति थे। उन्हें कभी यह उम्मीद नहीं थी कि वह देश के प्रधानमंत्री बनेंगे लेकिन सोनिया गांधी जी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौपी। देश के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए और दो बार प्रधानमंत्री के रूप में अपनी सेवा दी। उनकी भाषण शैली बहुत ही गरिमामयी थी। डॉ. मनमोहन सिंह को विपक्षी दलों से कई बार हमलों का सामना करना पड़ा लेकिन वह हमेशा शांत रहे और कभी भी प्रतिक्रिया नहीं दी। उनके किए गए कामों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का बनेगा स्मारक… विवाद के बीच केंद्र सरकार का बड़ा ऐलान
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का स्मारक बनाए जाने को लेकर विवाद के बीच केंद्र सरकार ने ऐलान किया है किकेंद्र सरकार मनमोहन सिंह का स्मारक बनवाएगी. सूत्रों का कहना है कि अगले 3-4 दिन में स्मारक की जगह तय हो जाएगी. मनमोहन सिंह के परिवार को स्मारक की जानकारी दी गई है. परिवार ने स्मारक को लेकर सरकार से सहमति जताई है. हालांकि शनिवार को सुबह 11.45 बजे निगमबोध घाट पर ही उनका अंतिम संस्कार होगा.